Sonbhadra News : पंडालों में विराजी मां महिषासुर मर्दिनी, गूंजे जयकारे
शारदीय नवरात्र की महासप्तमी से ही पूरे जनपद में मां की भक्ति का रंग गाढ़ा हो गया है। सिंहवाहिनी, महिषासुर व शुंभ-निशुंभ मर्दिनी आदिशक्ति मां दुर्गा के विविध स्वरूपों में सजी प्रतिमाएं पंडालों में....

sonbhadra
4:20 AM, October 10, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• आस-पास सजीं दुकानें तो छनने लगी चोटहिया जलेबी
सोनभद्र । शारदीय नवरात्र की महासप्तमी से ही पूरे जनपद में मां की भक्ति का रंग गाढ़ा हो गया है। सिंहवाहिनी, महिषासुर व शुंभ-निशुंभ मर्दिनी आदिशक्ति मां दुर्गा के विविध स्वरूपों में सजी प्रतिमाएं पंडालों में पहुंचते ही जिले भर में दुर्गा पूजा की धूम मच गई है। पूजनोत्सव के लिए बने पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं पुरे विधि-विधान स्थापित कर दी गईं। कर्मकांडी ब्राह्मणों द्वारा स्थापित प्रतिमाओं में वैदिक मन्त्रोच्चार के साथ प्राण-प्रतिष्ठा की गई, इसके बाद प्रतिमाओं के पट भक्तों के दर्शन के लिए खोल दिए गए। इसके साथ ही हर पंडाल से उठे जयकारों के घोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। रॉबर्ट्सगंज नगर में बढ़ौली चौक, मेन मार्केट, उत्तर मोहाल, साईं चौक, पन्नूगंज मार्ग, सिविल लाइंस रोड, नई बस्ती में भव्य पूजा पंडाल सजाया गया है।
वहीं आदिशक्ति दुर्गा मंदिर ट्रस्ट मेन मार्केट और जय मां दुर्गा पूजा सेवा समिति ब्रह्ननगर में नवरात्र के पहले दिन से पूजन अर्चन चल रहा है। बुधवार को पूजा पंडालों में प्रतिमा स्थापित की गई। इसके साथ ही दर्शन पूजन शुरू हो गया। इसके साथ ही रॉबर्ट्सगंज नगर स्थित प्राचीन शीतला मंदिर, सातो मइया शीतला मंदिर पूरब मोहाल, दुर्गा मंदिर, दक्षिणेश्वर काली मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों के कपाट खुलने के साथ ही दर्शन पूजन के लिए भक्तों की भीड़ जुटी रहीं।




