Sonbhadra News : विंध्य एक्सप्रेसवे को मिली रफ्तार, सदर तहसील के 54 गांवों के भूमि रिकॉर्ड की होगी गहन जांच
उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी विंध्य एक्सप्रेसवे परियोजना को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं। परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पूरा....

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
6:37 PM, July 18, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• रॉबर्ट्सगंज तहसील के 54 गांवों के अभिलेखों की होगी गहन जांच
• किसानों के रिकॉर्ड में गड़बड़ी मिली तो जिम्मेदारों पर गिरेगी गाज
सोनभद्र । उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी विंध्य एक्सप्रेसवे परियोजना को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं। परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए कि भूमि संबंधी अभिलेखों की जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही, तथ्य छिपाने या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी (एसएलएओ), राजस्व निरीक्षक तथा क्षेत्रीय लेखपाल मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि यूपीडा द्वारा उपलब्ध कराए गए भूमि अधिग्रहण प्रस्तावों की प्रारंभिक जांच पूरी गंभीरता, शुद्धता और पारदर्शिता के साथ की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो।
54 गांवों का होगा रिकॉर्ड सत्यापन -
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से तहसील रॉबर्ट्सगंज के 54 गांवों के राजस्व अभिलेखों की गहन जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव में गाटा संख्या, खातेदार का नाम, पिता का नाम, भूमि में हिस्सेदारी, सहखातेदारों का विवरण, सीलिंग की स्थिति तथा अन्य आवश्यक सूचनाओं का राजस्व रिकॉर्ड से मिलान किया जाए साथ ही ग्राम सीमाओं का भौतिक एवं अभिलेखीय सत्यापन भी अनिवार्य रूप से कराया जाए।
हर किसान का अलग रिकॉर्ड तैयार करने के निर्देश -
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि परियोजना से प्रभावित प्रत्येक किसान का विस्तृत विवरण निर्धारित प्रारूप में अलग रजिस्टर में दर्ज किया जाए। इसके अलावा ग्राम सभा, सरकारी भूमि, गवर्नमेंट ग्रांट एक्ट, निष्क्रांत एवं शत्रु संपत्ति से संबंधित भूमि का भी अलग और प्रमाणिक विवरण तैयार किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद न हो।
बड़े गांवों के लिए गठित होंगी विशेष टीमें -
भूमि अधिग्रहण कार्य में तेजी लाने के लिए जिलाधिकारी ने बड़े गांवों में दो राजस्व निरीक्षक, संबंधित लेखपाल तथा दो सहयोगी लेखपालों की टीम गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक तहसील अपनी कार्ययोजना तैयार कर तय समय सीमा के भीतर त्रुटिरहित सूचनाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करे।
अनियमितता पर होगी कठोर कार्यवाही -
बैठक में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने दो टूक कहा कि यदि किसी स्तर पर तथ्य छिपाने, रिकॉर्ड में हेराफेरी करने या जानबूझकर गलत जानकारी देने की शिकायत मिली तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही परियोजना की गति में बाधा नहीं बनने दी जाएगी।
विकास की नई धुरी बनेगा विंध्य एक्सप्रेसवे -
जिलाधिकारी ने कहा कि विंध्य एक्सप्रेसवे केवल एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि पूरे विंध्य क्षेत्र के आर्थिक, औद्योगिक और सामाजिक विकास की नई आधारशिला है। इसलिए भूमि अधिग्रहण से जुड़ी प्रत्येक प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता, सटीकता और समयबद्धता के साथ पूरी की जाए, ताकि परियोजना का निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के निर्धारित समय पर शुरू हो सके।




