Sonbhadra News : जनचौपाल में ग्रामीणों ने रखी समस्याएं, मंत्री ने अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
ब्लॉक क्षेत्र के नगवा गांव स्थित पंचायत भवन में बुधवार को राज्य मंत्री जीत सिंह खरवार ने जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।

sonbhadra
9:41 PM, September 9, 2026
राजा (संवाददाता)
दुद्धी (सोनभद्र) । ब्लॉक क्षेत्र के नगवा गांव स्थित पंचायत भवन में बुधवार को राज्य मंत्री जीत सिंह खरवार ने जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। जनचौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर अपनी शिकायतें मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
जनचौपाल के दौरान कनहर सिंचाई परियोजना की मुख्य नहर निर्माण को लेकर किसानों ने अपनी समस्या रखी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि नहर निर्माण के लिए उनकी भूमि जबरन ली जा रही है। किसानों ने भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में उचित कार्रवाई एवं मुआवजा दिलाए जाने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव का सामुदायिक शौचालय करीब आठ माह से बंद पड़ा है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा पंचायत भवन नियमित रूप से नहीं खुलने की शिकायत भी ग्रामीणों ने की। ग्रामीणों ने लाखों रुपये की लागत से निर्मित वन वाटिका के क्षतिग्रस्त होने तथा पात्र लोगों को वनाधिकार पट्टा नहीं मिलने की समस्या भी उठाई।
ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद राज्य मंत्री ने मौके पर मौजूद उपजिलाधिकारी अशोक गुप्ता को किसानों की भूमि संबंधी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने के निर्देश दिए। वहीं उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) से फोन पर वार्ता कर सामुदायिक शौचालय सहित अन्य संबंधित समस्याओं का तत्काल समाधान कराने को कहा।
राज्य मंत्री ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि नगवा गांव के शेष 252 आदिवासी परिवारों को आने वाले दिनों में जोत-कोड़ के आधार पर पट्टा वितरित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से पात्र ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने तथा लंबित मामलों में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनचौपाल में ग्रामीणों ने गांव की अन्य मूलभूत समस्याओं से भी मंत्री को अवगत कराया। मंत्री ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान शासन की प्राथमिकता है और अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ शिकायतों का निस्तारण करना चाहिए।
इस दौरान उपजिलाधिकारी अशोक गुप्ता, हरिकिशुन खरवार, धरमजीत खरवार, ईश्वरी प्रसाद, भीम कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं क्षेत्रीय लेखपाल मौजूद रहे।




