Sonbhadra News : घटिया सड़क निर्माण से भड़के ग्रामीण, कहा- सिर्फ ठेकेदार को लाभ पहुंचाने के लिए कराया जा रहा निर्माण कार्य
लोग गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े करने लगे। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क पहले से उतनी खराब नहीं थी लेकिन लोक निर्माण विभाग द्वारा गिट्टी और तारकोल डाल कर बिछा दिया जा रहा है, जो कुछ समय बाद ही उखड़ जा रह

sonbhadra
8:52 PM, October 25, 2026
- जेई बोले- गुणवत्ता की होगी जांच
शांतनु कुमार/प्रकाश खत्री
चुर्क (सोनभद्र) । विकास के नाम पर जनता के पैसे का कैसे दुरूपयोग किया है यह इस तस्वीर को देखकर आप को भी समझ में आ जायेगा। जिला मुख्यालय के नजदीक के मुसही गांव में रमाबाई अंबेडकर गेट से चुर्क पुलिस लाइन रोड तक लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। सड़क मरम्मत का कार्य अभी शुरू ही हुआ था कि स्थानीय लोग विरोध करने लगे । लोग गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े करने लगे। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क पहले से उतनी खराब नहीं थी लेकिन लोक निर्माण विभाग द्वारा गिट्टी और तारकोल डाल कर बिछा दिया जा रहा है, जो कुछ समय बाद ही उखड़ जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क मरम्मत का कार्य जिस तरीके से कराया जा रहा है वह एक सप्ताह भी नहीं टिक सकेगा । लोगों का कहना है कि यदि सरकार सड़क दुरुस्त कर रही है तो अच्छे तरीके से करना चाहिए। जिस तरह से सड़क का मरम्मत कराया जा रहा है ऐसे में पुरानी सड़क लायक भी नहीं रह जायेगा। लोगों ने कहा कि यह सिर्फ धन के दुरूपयोग और ठेकेदार को लाभ पहुंचाने के लिए किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन हस्तक्षेप कर सड़क की गुणवत्ता को ठीक करे क्योंकि जिस उद्देश्य से सरकार इस सड़क की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है वह उद्देश्य पूरा होने वाला नहीं। इस मामले में लोक निर्माण विभाग के जेई रवि प्रताप मौर्य ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया तो ठेकेदार के भुगतान पर रोक लगा दी जाएगी। उन्होंने साफ किया कि जब तक ठेकेदार सड़क का कार्य सही ढंग से पूरा नहीं करेगा, तब तक उसका भुगतान नहीं किया जाएगा।
अब देखना यह है कि विभागीय जांच में सड़क निर्माण की गुणवत्ता फेल होती है या फिर पास।




