Sonbhadra News : सिधेश्वर महादेव मंदिर में ग्राम प्रधान ने सपत्नीक किया रुद्राभिषेक
श्रावण मास के तीसरी सोमवारी व नागपंचमी के मौके पर सिधेश्वर महादेव मंदिर परिसर में रुद्राभिषेक कार्यक्रम का आयोजन हुआ

सोनभद्र
9:47 PM, August 17, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। विकास खण्ड दुद्धी अंतर्गत महुली स्थित श्री सिधेश्वर महादेव मंदिर परिसर में श्रावण माह के तीसरे सोमवारी व नागपंचमी में पावन बेला में रुद्राभिषेक कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
इस शुभ मुहूर्त पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में अयोध्या के आचार्य श्री तेजभान त्रिपाठी जी ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ भगवान शिव का रुद्राभिषेक कराया। श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ भगवान भोलेनाथ का जल, दूध सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों से अभिषेक कर परिवार एवं क्षेत्र की खुशहाली की प्रार्थना की।
ग्राम प्रधान महुली अरविंद जायसवाल ने अपनी धर्मपत्नी के साथ सपत्नीक रुद्राभिषेक कर भगवान श्री सिद्धेश्वर से लोकमंगल की कामना तथा गांव की खुशहाली की प्रार्थना की। इस मौके भगवान शिव में आस्था रखने वाले आस्थावानों ने पूरे भक्तिभाव के साथ भगवान भोलेनाथ का जल, दूध सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों से अभिषेक कर परिवार एवं क्षेत्र की खुशहाली की प्रार्थना की। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से महुली सहित समूचे क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली बनाए रखने की कामना की।पूजन-अर्चन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आस्था देखते ही बनी। वैदिक मंत्रों की गूंज, शंखध्वनि और भगवान शिव के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव एवं माता पार्वती के दर्शन कर विधिवत पूजा की और प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने कहा कि श्रावण मास और नागपंचमी के पावन अवसर पर होने वाला यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र की आस्था और सनातन परंपरा का प्रतीक है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और भगवान सिद्धेश्वर महादेव से क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की।




