Sonbhadra News : नारियल फोड़कर ग्राम प्रधान ने किया सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ
थाना क्षेत्र अंतर्गत महुली कब्रिस्तान से पतरिहा गांव के बॉर्डर तक निर्माण होने वाले इस सड़क से राहगीरों समेत, किसानों,छात्र- छात्राओं को आने जाने में होगी सहूलियत

सोनभद्र
1:35 PM, May 25, 2026
- महुली कब्रिस्तान से पतरिहा गांव के बॉर्डर तक होगा सड़क निर्माण कार्य
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। विकास खण्ड दुद्धी अंतर्गत ग्राम पंचायत महुली में आज विकास कार्यों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कब्रिस्तान महुली से पतरिहा बॉर्डर तक सड़क निर्माण कार्य का शुभ उद्घाटन ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल द्वारा किया गया। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्रीय ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखने को मिला। लंबे समय से खराब रास्ते के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था, खासकर बरसात के दिनों में स्थिति और भी दयनीय हो जाती थी।
ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क महुली और पतरिहा क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मार्ग है, जिससे रोजाना दर्जनों ग्रामीण, किसान, छात्र एवं राहगीर गुजरते हैं। सड़क खराब होने के कारण लोगों को कीचड़, धूल और दुर्घटना जैसी समस्याओं से जूझना पड़ता था। अब सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल ने बताया कि पूर्व में इस सड़क की समस्या को गंभीरता से लेते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता को प्रस्ताव देकर सड़क निर्माण की मांग की गई थी। जनहित को देखते हुए इस प्रस्ताव को स्वीकृति मिली और आज सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया गया।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत महुली में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है तथा ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान एवं संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।




