Sonbhadra news : बारिश में फिसले वाहन, बोलेरो और म्योरपुर पुलिस की गाड़ी में भिड़ंत
बोलेरो और म्योरपुर थाने की सरकारी गाड़ी के बीच जोरदार टक्कर हो गई।

sonbhadra
9:07 AM, October 31, 2026
मनोज वर्मा (संवाददाता)
रेणुकूट। पिपरी थाना क्षेत्र के खाड़पाथर मोड़ के पास शुक्रवार की रात करीब 10 बजे बोलेरो और म्योरपुर थाने की सरकारी गाड़ी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार कई लोगों को मामूली चोटें आईं। राहत की बात रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं पहुंची।
मिली जानकारी के अनुसार, म्योरपुर थाने की सरकारी गाड़ी जिला मुख्यालय से वापस लौट रही थी। इसी दौरान खाड़पाथर मोड़ के आगे ढलान पर सामने से आ रही बोलेरो से उसकी भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय बारिश होने के कारण सड़क पर काफी फिसलन थी। अचानक ब्रेक लगाने से दोनों वाहन अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गए।
टक्कर के चलते दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद वाहनों को सड़क के किनारे खड़ा कराया गया और उनमें सवार लोग दूसरे साधनों से अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए। घटना के दौरान कुछ समय तक मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही।
इस दुर्घटना ने बारिश के मौसम में गीली और फिसलन भरी सड़कों पर वाहन चलाते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत को फिर से उजागर किया।




