Sonbhadra News : मलिया नदी छठ घाट पर सूर्य मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा हेतु वैदिक अनुष्ठान प्रारम्भ
मलिया नदी छठ घाट पर प्राण प्रतिष्ठा का वैदिक अनुष्ठान शुरू, अयोध्या के आचार्यों के मंत्रोच्चार से भक्तिमय हुआ

सोनभद्र
7:19 PM, November 13, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। आस्था समर्पण और जनसहयोग की अनूठी मिसाल बनकर तैयार हुए महुली-फुलवार स्थित मलिया नदी छठ घाट के नवनिर्मित सूर्य मंदिर में शुक्रवार को प्राण प्रतिष्ठा का भव्य धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुआ।
महुली ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल के अथक प्रयास और क्षेत्रीय लोगों के सहयोग से निर्मित इस मंदिर में शुक्रवार शाम चार बजे भगवान भास्कर एवं शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा के लिए वैदिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना प्रारंभ हुई। इस पावन धार्मिक अनुष्ठान में फुलवार के वरिष्ठ समाजसेवी संजय श्रीवास्तव अपनी धर्मपत्नी प्रियंका श्रीवास्तव के साथ सपत्नीक यजमान के रूप में शामिल हुए।
अयोध्या धाम से पधारे विद्वान आचार्य तेजभान त्रिपाठी एवं अमन शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ कराया। आचार्यों के मुखारविंद से निकले वेद मंत्रों से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा। श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर वातावरण में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना में सहभागिता की।
शुक्रवार को प्रारम्भ हुआ प्राण प्रतिष्ठा का धार्मिक अनुष्ठान शनिवार को भी जारी रहेगा। शनिवार को विधि-विधान के साथ भगवान सूर्यदेव की प्रतिमा एवं भगवान शिव के शिवलिंग की स्थापना की जाएगी।
इस भव्य सूर्य मंदिर के निर्माण की परिकल्पना को साकार करने में ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके निरंतर प्रयास और समर्पण से मलिया नदी के तट पर छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के लिए एक सुंदर धार्मिक स्थल तैयार हुआ है। मंदिर में सहयोग की कड़ी भी काफी सराहनीय रही।
दुद्धी विधानसभा प्रभारी संजय सिंह धुर्वे ने भगवान भास्कर की प्रतिमा भेंट की, जबकि दुद्धी ब्लॉक प्रमुख रंजना चौधरी ने शिवलिंग प्रदान किया। वहीं वरिष्ठ समाजसेवी संजय श्रीवास्तव ने मंदिर परिसर में टाइल्स लगवाने के साथ मंदिर के लिए घंटा भी भेंट किया। क्षेत्र के अन्य सम्मानित लोगों ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग किया, जिससे यह धार्मिक कार्य जनसहयोग की मिसाल बन गया।
उधर, छठ महापर्व को लेकर छठ पूजा सेवा समिति महुली के अध्यक्ष कमलेश कुमार कन्नौजिया के नेतृत्व में पूरी टीम मलिया नदी छठ घाट को भव्य स्वरूप देने में दिन-रात जुटी हुई है। घाट तक पहुंचने वाले मार्ग की आकर्षक सजावट, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और घाट को सुसज्जित करने का कार्य अंतिम चरण में है। सूर्य मंदिर में भगवान भास्कर की स्थापना और छठ महापर्व की तैयारियों से महुली-फुलवार सहित आसपास के गांवों में विशेष उत्साह और धार्मिक उल्लास का माहौल है।
इस अवसर पर सुशील गुप्ता, वीरेंद्र कुमार कन्नौजिया, विजेंद्र कन्नौजिया, राजकपूर कन्नौजिया, श्याम बिहारी कन्नौजिया, अमरेश कुमार कन्नौजिया, राजनाथ गोस्वामी, राकेश गुप्ता सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।




