Sonbhadra news : एनटीपीसी रिहंद में गांधी जयंती व शास्त्री जयंती पर हुए विविध कार्यक्रम
एनटीपीसी रिहंद परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गई।

sonbhadra
8:49 PM, October 2, 2026
विजय कुमार पटेल (संवाददाता)
बीजपुर (सोनभद्र)। एनटीपीसी रिहंद परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गई। इसी अवसर पर स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026 के समापन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। नवोदय मिशन एवं मालवीय मिशन के बच्चों तथा एनटीपीसी कर्मियों ने कविता, भाषण और भजन की प्रस्तुतियां दीं। गांधी जी के प्रिय भजनों की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को भावुक कर दिया।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक, रिहंद संजय असाटी ने दोनों महापुरुषों के जीवन, विचारों और देश के प्रति उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी के आदर्श आज भी समाज को सत्य, सादगी, अनुशासन, स्वच्छता और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देते हैं।
स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के समापन पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सेवा भावना और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।




