Sonbhadra News : वाराणसी जोन बैडमिंटन-टेबल टेनिस क्लस्टर प्रतियोगिता का समापन, विजेता खिलाड़ियों को एसपी ने किया सम्मानित
पुलिस लाइन चुर्क में आयोजित वाराणसी जोन की 43वीं अंतरजनपदीय बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस क्लस्टर प्रतियोगिता-2026 का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। 10 से 12 जुलाई तक चली इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता...

प्रतियोगिता के समापन पर खिलाड़ियों को पुरस्कृत करते एसपी अभिषेक वर्मा.....
sonbhadra
4:56 PM, July 12, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• तीन दिवसीय प्रतियोगिता में वाराणसी जोन के खिलाड़ियों ने दिखाया दम
• एसपी बोले- खेल से बढ़ती है अनुशासन और नेतृत्व क्षमता
सोनभद्र । पुलिस लाइन चुर्क में आयोजित वाराणसी जोन की 43वीं अंतरजनपदीय बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस क्लस्टर प्रतियोगिता-2026 का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। 10 से 12 जुलाई तक चली इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में वाराणसी जोन के विभिन्न जनपदों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खेल भावना और अनुशासन का परिचय दिया।
समापन समारोह में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को ही मजबूत नहीं बनाते, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का भी विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं पुलिस बल में समन्वय और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देती हैं।
बैडमिंटन टीम चैंपियनशिप के पुरुष वर्ग में कमिश्नरेट वाराणसी ने खिताब जीता, जबकि आजमगढ़ उपविजेता रहा। महिला वर्ग में भी कमिश्नरेट वाराणसी विजेता और सोनभद्र उपविजेता रहा।
टेबल टेनिस टीम चैंपियनशिप के पुरुष वर्ग में मऊ ने बाजी मारी, जबकि मिर्जापुर उपविजेता रहा। महिला वर्ग में सोनभद्र ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया और जौनपुर उपविजेता रहा।
बैडमिंटन ओपन पुरुष सिंगल में कमिश्नरेट वाराणसी के आरक्षी गोविंद यादव विजेता तथा उपनिरीक्षक राजन यादव उपविजेता रहे। महिला सिंगल वर्ग में कमिश्नरेट वाराणसी की मुख्य आरक्षी रीचा यादव विजेता और गाजीपुर की आकांक्षा बौद्ध उपविजेता रहीं।
टेबल टेनिस ओपन पुरुष सिंगल में जौनपुर के अपर पुलिस अधीक्षक अतिशय कुमार सिंह विजेता बने, जबकि बलिया के आरक्षी चन्द्रकान्त वर्मा उपविजेता रहे। महिला सिंगल में सोनभद्र की महिला आरक्षी नेहा गिरी विजेता और अर्चना उपविजेता रहीं।
समारोह के अंत में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में योगदान देने वाले वरिष्ठ अधिकारियों, निर्णायकों, आयोजन समिति, तकनीकी अधिकारियों, टीम प्रबंधकों, खिलाड़ियों एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसी प्रतियोगिताएं भविष्य में भी उत्तर प्रदेश पुलिस की खेल संस्कृति को नई ऊर्जा और पहचान देती रहेंगी।




