Sonbhadra news : रेणुकूट में धूमधाम से निकाली गई वाल्मीकि जयंती की शोभायात्रा
नगर में मंगलवार की शाम वाल्मीकि जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया।

sonbhadra
6:45 PM, October 8, 2025
मनोज वर्मा (संवाददाता)
# राधा कृष्ण मंदिर से वाल्मीकि मंदिर तक भव्य झांकियों ने बिखेरा आकर्षण
रेणुकूट। स्थानीय नगर में मंगलवार की शाम वाल्मीकि जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस शोभायात्रा में वाल्मीकि समाज के साथ-साथ नगर के विभिन्न सामाजिक एवं हिंदू संगठनों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा की शुरुआत मुर्धवा स्थित राधा कृष्ण मंदिर से हुई, जो नगर के मुख्य बाजार मार्ग से होते हुए हिंडालको पेट्रोल पंप के समीप स्थित वाल्मीकि मंदिर तक पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालु और नगरवासी शोभायात्रा का स्वागत करते नजर आए।शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं। एक रथ पर महर्षि वाल्मीकि जी व भगवान शंकर की सजीव झांकी प्रस्तुत की गई थी, जबकि दूसरे रथ पर भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, लव-कुश और काली माता के रूप में बच्चों ने मनमोहक झांकी प्रस्तुत की, जिसे देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। इस अवसर पर पूरे नगर में धार्मिक वातावरण का आलोक छा गया। ढोल-नगाड़ों और भजन कीर्तन के साथ यात्रा आगे बढ़ती रही। समाज के लोग जयकारे लगाते हुए वाल्मीकि जी के आदर्शों और उनके योगदान का स्मरण कर रहे थे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिनमें मनोज त्रिपाठी, संजय कुण्डिया, राम औतार, वीर बहादुर सिंह, संदीप शाह, मनीष मिश्रा, जयप्रकाश शुक्ला, राजेश, पंकज मिश्रा, आशीष मिश्रा, संजय उपाध्याय समेत अन्य लोग प्रमुख रूप से शामिल रहे। शोभायात्रा के समापन पर वाल्मीकि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर समाज के उत्थान और समरसता का संदेश दिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में वाल्मीकि समाज के पदाधिकारियों और नगर के युवा कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रही।




