Sonbhadra News : नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का नहीं खुला ताला, भटकते रहे मरीज
देश के अति पिछड़े जिलों में शामिल जनपद सोनभद्र में सरकार के लाख प्रयासों के बावजूद स्वास्थ्य सेवाएं दम तोड़ती नजर आ रही हैं। नगरीय क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तो खोले गए हैं लेकिन.....

नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लटकता ताला और भटकते मरीज..
sonbhadra
2:23 PM, May 12, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । देश के अति पिछड़े जिलों में शामिल जनपद सोनभद्र में सरकार के लाख प्रयासों के बावजूद स्वास्थ्य सेवाएं दम तोड़ती नजर आ रही हैं। नगरीय क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तो खोले गए हैं लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते आमजन को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। इलाज के लिए लोगों को जिला अस्पताल का चक्कर काटना पड़ रहा है। आज मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के बगल में स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का सुवह से ताला ही नहीं खुला। इस दौरान इलाज के लिए आयी गर्भवती महिलाओं सहित अन्य मरीज भटकते निराश होकर भटकते रहे, वहीं कुछ मरीज प्राइवेट अस्पताल चले गए।
निजी अस्पताल जाने को विवश मरीज -
अति पिछड़े जिले में शामिल होने के चलते स्वास्थ्य सम्बंधी सामान्य परेशानियों का स्थानीय स्तर पर इलाज हो सके इसके लिए नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोले गए हैं और यहाँ इसके लिए डाक्टर, एएनएम सहित पैथोलॉजी की व्यवस्था भी की गई। यहीं नहीं यहाँ मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए इन अस्पतालों पर सरकार की ओर से लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं, बावजूद इसके स्वास्थ्य महकमे की कारगुजारी किसी से छिपी नहीं है और इन्हीं करगुजारियों के चलते गरीबों व गर्भवती महिलाओं को टीका व इलाज के लिए भटकना पड़ता है और बाद में मरीजों को प्राइवेट हॉस्पिटलों का रुख करना पड़ता है और लोग नीम हकीम से इलाज कराने को मजबूर है, जो मरीजों के इलाज करने के नाम पर जान से खिलवाड़ कर रहे हैं।
छलका दर्द -
रेलवे क्रॉसिंग निवासी गीता सोनी अपनी गर्भवती बहु और धर्मशाला निवासी जवाहर सिंह अपनी गर्भवती को दिखाने लाये थे। इस दौरान उन दोनों ने बताया कि "वह लोग सुबह भी आये थे और दुबारा आये हैं लेकिन अस्पताल में ताला ही लटक रहा है।"




