Sonbhadra News : मनरेगा बहाली और ग्राम जी वापस लिए जाने की मांग को लेकर यूपी खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन
उत्तर प्रदेश खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन के अध्यक्ष कामरेड पुरुषोत्तम तथा सचिव बच्चालाल ने खंड विकास अधिकारी घोरावल नितिन कुमार को मजदूरों के संबंध में ज्ञापन सौंपा।

sonbhadra
8:48 PM, September 16, 2026
राजकुमार गुप्ता (संवाददाता)
घोरावल (सोनभद्र) । जिला कमेटी अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन सोनभद्र की ओर से मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन घोरावल ब्लॉक पर दिया गया। उत्तर प्रदेश खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन के अध्यक्ष कामरेड पुरुषोत्तम तथा सचिव बच्चालाल ने खंड विकास अधिकारी घोरावल नितिन कुमार को मजदूरों के संबंध में ज्ञापन सौंपा। और उनकी मांग है कि मनरेगा बहाल किया जाए। ग्राम जी वापस लिया जाए। ग्रामीण मजदूरों को साल में 200 दिन रोजगार दिया जाए और मजदूरी की दर बढ़कर 700 रुपये की जाए और यह मजदूरी भुगतान साप्ताहिक होनी चाहिए। भूमिहीनों को आवास और खेती हेतु भूमि आवंटित की जाए। सभी गरीबों को पक्के आवास बनाए जाएं। सभी ग्रामीण गरीबों का 5000 रुपये मासिक वृद्धा, विधवा, विकलांग पेंशन दी जाए और यह धनराशि मासिक भुगतान में रहे। भूमिहीन ग्रामीण मजदूरों की दुर्घटना में मृत्यु होने पर 25 लाख और घायल होने पर 10 लाख रुपये आर्थिक सहायता दी जाए। राशन कार्ड धारकों को 10 किलोग्राम प्रति यूनिट खाद्यान्न के साथ चीनी दाल साबुन नमक तेल मुफ्त दिया जाए। 300 यूनिट बिजली फ्री दी जाए। बिजली के निजीकरण और स्मार्ट मीटर पर रोक लगाई जाए। समायोजन के नाम पर बंद किया जा रहे प्राथमिक विद्यालयों को खोला जाए और उसमें अध्यापकों की भर्ती की जाए। ग्रामीण मजदूरों को फ़्री इलाज, ग्रेजुएट तक मुफ्त शिक्षा की गारंटी की जाए। और महिलाओं और दलितों पर होने वाले अपराध शख्ती से रोके जाए। ज्ञापन सौपने वालों में पुरुषोत्तम, बच्चा लाल, किसान नेता महेंद्र सिंह, बाबूलाल, श्याम नारायण मौर्य, किसान सभा के संयोजक प्रेमनाथ रहे।




