Sonbhadra News : कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यूपी बोर्ड परीक्षा शुरू, पहले दिन 3159 छात्रों ने छोड़ा एग्जाम
आज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिले के 80 केंद्रों पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की परीक्षा शुरू हो गई। पहले दिन कुल 3159 छात्रों ने छोड़ दी, जिसमें हाईस्कूल में 2115 तथा.....

परीक्षा देने जाती छात्राएं...
sonbhadra
7:25 PM, February 18, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिले के 80 केंद्रों पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की परीक्षा शुरू हो गई। पहले दिन कुल 3159 छात्रों ने छोड़ दी, जिसमें हाईस्कूल में 2115 तथा इंटरमीडिएट में 1044 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं परीक्षा देने के बाद केंद्रों से बाहर निकले ज्यादातर छात्रों के चेहरे खिले नजर आए।
कड़ी जांच के बाद मिला परीक्षा केंद्र में प्रवेश -
यूपी बोर्ड की आज से परीक्षाएं शुरू हो गई हैं, पहले दिन सुबह की पाली में हाईस्कूल का हिंदी जबकि दूसरी पाली और सामान्य हिंदी का पेपर था, जबकि दूसरी पाली में बारहवीं का हिंदी और प्रारंभिक हिंदी की परीक्षा आयोजित की गई थी। इसके लिए बड़े पैमाने पर तैयारी की गई थी। पहली पाली का पेपर सुबह साढ़े 8 बजे से हुआ जबकि दूसरी पाली का पेपर दोपहर 2 बजे से था। बताते चलें कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाएं आज से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गईं। छात्रों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटा पहले केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए थे, जिसका पालन करते हुए छात्र समय से पहले ही केंद्रों पर पहुंच गए।
पहली बार रंग बिरंगी उत्तर पुस्तिकाओं का किया जा रहा है इस्तेमाल -
नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस बार रंग-बिरंगी उत्तर पुस्तिकाओं का उपयोग किया जा रहा है। हाईस्कूल के छात्रों के लिए मजेंटा पिंक रंग की उत्तर पुस्तिकाएं निर्धारित की गई हैं, वहीं इंटरमीडिएट के छात्रों को भूरे रंग की कॉपी पर उत्तर लिखने होंगे। इस वर्ष कुल परीक्षार्थियों की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 1500 अधिक है।
कुल 80 केंद्रों पर हो रही है बोर्ड परीक्षा -
जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने बताया कि "इस बार हाईस्कूल की परीक्षा में 27,150 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं, जिनमें 13,455 छात्र और 13,695 छात्राएं हैं। इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए 21,185 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें 9,932 छात्र और 11,253 छात्राएं शामिल हैं। जिले की भौगोलिक स्थिति और छात्रों की संख्या को देखते हुए इस वर्ष 3 नए केंद्र सहित कुल 80 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षाओं को सुचारु और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए शिक्षा विभाग ने व्यापक इंतजाम किए हैं। परीक्षा केंद्रों के लिए 6 रूट बनाए गए हैं, जिन पर 6 सचल दस्ते (फ्लाइंग स्क्वॉड) तैनात किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्र सीसीटीवी कैमरा और वॉइस रिकॉर्डर से लैस हैं, जिनकी निगरानी जनपद कंट्रोल रूम से की जा रही है। सभी केंद्रों पर सेंटर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई है।"



