Sonbhadra News : बकाया मानदेय को लेकर ग्राम रोजगार सेवकों का अनोखा प्रदर्शन, राम नाम संकीर्तन कर सरकार से लगाई गुहार
वर्षों से लंबित मानदेय भुगतान और अन्य मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ की नगवां इकाई ने गुरुवार को ब्लॉक मुख्यालय पर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। ग्राम रोजगार सेवकों ने संघ...

ब्लॉक मुख्यालय पर भजन कर प्रदर्शन करते रोजगार सेवक.....
sonbhadra
8:49 PM, June 4, 2026
आनन्द कुमार चौबे/अवधेश पटेल (संवाददाता)
• ब्लॉक मुख्यालय पर हनुमान चालीसा पाठ के साथ जताया विरोध, पांच सूत्रीय मांगों का सौंपा ज्ञापन
सोनभद्र । वर्षों से लंबित मानदेय भुगतान और अन्य मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ की नगवां इकाई ने गुरुवार को ब्लॉक मुख्यालय पर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। ग्राम रोजगार सेवकों ने संघ के प्रदेश सचिव प्रभात सिंह चंदेल एवं विंध्याचल मंडल प्रभारी सुरेश के नेतृत्व में राम नाम संकीर्तन एवं हनुमान चालीसा का पाठ कर शासन-प्रशासन का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर आकर्षित किया।
प्रदर्शन के दौरान रोजगार सेवकों ने वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 सहित पूर्व वर्षों के बकाया मानदेय का तत्काल भुगतान, लंबित ईपीएफ धनराशि को यूएएन खातों में स्थानांतरित करने, डिजिटल कार्यों के लिए मोबाइल, टैबलेट एवं इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने, एमआईएस एवं डाटा फीडिंग के लिए आईडी-पासवर्ड जारी करने तथा पंचायत भवनों में बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
घंटों तक चले राम नाम संकीर्तन और हनुमान चालीसा पाठ के बाद ग्राम रोजगार सेवकों ने कार्यक्रम अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी अनिल सिंह को संबोधित पांच सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने शासन के उच्चाधिकारियों को सद्बुद्धि प्रदान करने की कामना भी की।
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश सचिव प्रभात सिंह चंदेल ने कहा कि "शासन में बैठे अधिकारियों की संवेदनहीनता के कारण ग्राम रोजगार सेवक आर्थिक संकट और भुखमरी की स्थिति का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार सेवकों से लगातार नए-नए कार्य लिए जा रहे हैं, लेकिन वर्षों से लंबित मानदेय भुगतान की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।"
विंध्याचल मंडल प्रभारी सुरेश एवं जिला मंत्री रोहित यादव ने कहा कि "आर्थिक तंगी के चलते प्रदेश के कई ग्राम रोजगार सेवकों की स्थिति बेहद दयनीय हो चुकी है। उन्होंने कहा कि लगातार उपेक्षा के कारण रोजगार सेवकों में भारी नाराजगी व्याप्त है।"
वहीं ब्लॉक अध्यक्ष श्याम बिहारी चौबे ने चेतावनी देते हुए कहा कि "जब तक बकाया मानदेय का भुगतान नहीं हो जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर इसे और व्यापक रूप दिया जाएगा।"
इस मौके पर सतीश चौबे, उमेश कुमार, सुलेन्द्र कुमार, श्याम मोहन पाण्डेय, प्रेमचन्द्र गौतम, रामानंद, बाबूलाल, रामसजीवन, विनोद कुमार, सूरज प्रसाद, जुनैद अंसारी, अमरपतिराम, जिलाजित यादव सहित बड़ी संख्या में ग्राम रोजगार सेवक उपस्थित रहे।




