Sonbhadra News : विकसित भारत का रोडमैप तय करेगा केन्द्रीय बजट : रविंद्र जायसवाल
जिले के प्रभारी मंत्री रविंद्र जायसवाल ने शनिवार को नगर के एक होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्र और राज्य सरकार के बजट को लेकर चर्चा की....

बजट पर चर्चा करते जिले के प्रभारी मंत्री रविंद्र जायसवाल व अन्य
sonbhadra
4:52 AM, February 23, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जिले के प्रभारी मंत्री रविंद्र जायसवाल ने शनिवार को नगर के एक होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्र और राज्य सरकार के बजट को लेकर चर्चा की।
इस दौरान उन्होंने बताया कि बजट में आम जनता, किसान, नौजवान, शिक्षा और स्वास्थ्य सभी क्षेत्रों का ध्यान रखा गया है।
उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार का बजट गरीब, युवा, किसान व महिलाओं को समर्पित है। यह बजट 2047 में विकसित भारत का रोडमैप तय करेगा। केन्द्र सरकार ने सर्वाधिक बजट शिक्षा पर खर्च किया है। शिक्षित समाज ही देश को आगे ले जा सकता है। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने ही शिक्षा विभाग को मानव संसाधन मंत्रालय से अलग किया है साथ ही देश के अन्नदाताओं के लिए बजट दोगुना दिया है। नौकरीपेशा, व्यापारियों और मध्यम वर्ग को भी बड़ी राहत मिली है। आयकर की सीमा सात से बढ़ाकर 12 लाख तक की गयी है। जबकि केसीसी को तीन लाख से बढ़ाकर 5.5 लाख तक किया गया है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रत्येक संकल्प ‘सबका साथ- सबका विकास और सबका विश्वास को समर्पित है। बेहतर भविष्य के लिए मध्य वर्ग को प्रधानमंत्री मजबूत करने में लगे हैं। उनका प्रयास है कि किसान खुशहाल रहे। बताया कि केन्द्रीय बजट में प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना की घोषणा की गई है। इसके अलावा अगले पांच वर्षों में सरकारी मेडिकल कालेजों में 75 हजार नयी सीटें जोड़ी जाएंगी। इससे स्वास्थ्य सेवाओं में तेजी से सुधार होगा।
उन्होंने कहा कि जहाँ केंद्र सरकार ने बजट के जरिये 2047 का रोडमैप तैयार किया है वहीं प्रदेश कि योगी सरकार भी केंद्र का पूरा साथ देते हुए सबका साथ सबका विश्वास नीति पर काम करते हुव अपना बजट पेश किया है। सरकार ने जहाँ 9 लाख आउटसोर्स कर्मियों की सैलरी बढ़ाई है। वहीं मेधावी छात्राओं को फ्री स्कूटी देने की घोषणा की है। युवाओं को स्मार्टफोन और टैबलेट देने की योजना जारी रहेगी। स्वरोजगार के लिए युवाओं को ब्याज मुक्त लोन मिलेगा। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत हर जिले में सरकारी कोचिंग सेंटर खोले जाएंगे।




