Sonbhadra News : तेज बारिश में खपरैल के दो मकान धराशायी, बड़ी हादसा टली
विकास खण्ड दुद्धी के बूट बेढवा ग्राम पंचायत की घटना,तेज बारिश के कारण दो मकान गिरा।

सोनभद्र
10:53 AM, August 26, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते अलग-अलग स्थानों पर दो कच्चे मकान गिर गए। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन मकान गिरने से गृहस्थी का सामान और अन्य सामग्री क्षतिग्रस्त हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुटवेढ़वा निवासी संजय कुमार पुत्र जोखू राम का कच्चा मकान लगातार बारिश के कारण गिर गया। इस मकान में आवश्यक सामग्री रखी जाती थी। मकान गिरने से उसमें रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे परिवार को नुकसान उठाना पड़ा।
वहीं बुटवेढ़वा निवासी ऐनुल सिद्दीकी पुत्र निजामुद्दीन सिद्दीकी का भी कच्चा मकान बारिश के चलते रात में अचानक गिर गया। बताया गया कि ऐनुल सिद्दीकी के माता-पिता इसी कमरे में रहते थे। मकान की स्थिति को देखते हुए उन्हें पहले ही खतरे का आभास हो गया था, जिसके बाद वे अपने पुत्र के यहां चले गए। इसके बाद रात में मकान भरभराकर गिर गया। समय रहते परिवार के लोगों के बाहर चले जाने से एक बड़ी घटना होने से टल गई।
लगातार बारिश के कारण कच्चे मकानों के गिरने से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। पीड़ित परिवारों ने शासन-प्रशासन से नुकसान का आकलन कराकर उचित सरकारी सहायता एवं मुआवजा दिलाए जाने की गुहार लगाई है।




