Lakhimpur Kheri news : 40 लाख की ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पलिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

lakhimpur kheri
6:09 PM, September 20, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
-- पलिया पुलिस की कार्रवाई, 186.57 ग्राम स्मैक बरामद
पलिया खीरी। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पलिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने पलिया-दुधवा मार्ग पर स्वर्गीय कर्नल अर्जुन सिंह स्मृति द्वार के पास से दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 186.57 ग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक) बरामद की। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुनाल गुप्ता (25) निवासी मोहल्ला किसान-1 और अनुराग कश्यप (22) निवासी मोहल्ला रंगरेजान-2, पलिया के रूप में हुई है। कुनाल के पास से 93.88 ग्राम और अनुराग के कब्जे से 92.69 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
पुलिस जांच में अनुराग कश्यप का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत पूर्व में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पलिया थाने में दोनों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 286/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।




