Sonbhadra News : कार-ऑटो की टक्कर में महिला और बालक समेत दो की मौत, 15 घायल
वहीं, सीएचसी म्योरपुर में डॉ. संजीव बिंद ने अंकुश को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

sonbhadra
8:14 PM, October 20, 2026
एस प्रसाद/राजेश कुमार (संवाददाता)
० दशहरे का मेला देखने म्योरपुर आ रहे थे ऑटो सवार,
० कई घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया
म्योरपुर (सोनभद्र) । बभनी थाना क्षेत्र के नधिरा गांव के समीप बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर मंगलवार की शाम कार और ऑटो की जोरदार टक्कर में महिला और बालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों को सीएचसी बभनी और म्योरपुर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद कई घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, ऑटो सवार लोग दशहरे का मेला देखने म्योरपुर आ रहे थे। इसी दौरान बभनी की ओर जा रही कार से ऑटो की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। मौके पर जुटे लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
सीएचसी बभनी में चिकित्सक डॉ. अश्वनी ने रजवंती देवी (35) को मृत घोषित कर दिया, जबकि ऑटो चालक सुनील गुप्ता निवासी धरतीडांड़ को रेफर कर दिया गया। अंजली देवी का इलाज जारी है। वहीं, सीएचसी म्योरपुर में डॉ. संजीव बिंद ने अंकुश (12) को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसे में मृत महिला और बालक आपस में भाभी-देवर के रिश्ते में थे। बताया जा रहा है कि महिला के पति और बालक के पिता रोजगार के सिलसिले में गुजरात गए हुए हैं। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
घायलों में लवकुश (10), छोटी (2), मंजू (28), शिवांश (डेढ़ वर्ष), फूलमती (60), पूजा (28), पूर्णिमा (7), आकृति (5), अयांश (5), उषा (7), हीनकुंवर (37), पानमति (45), सुनील गुप्ता (35) निवासी धरतीडांड़ और अंजली देवी (35) समेत अन्य लोग शामिल हैं। खबर लिखे जाने तक घायलों का उपचार जारी था।
Shantanu, Biswas
Sonbhadra




