Sonbhadra News : अवैध तरीके से संचालित दो पैथोलॉजी और एक क्लिनिक सीज
जनपद में अवैध रूप से संचालित पैथोलाजी और क्लीनिक के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए आज छापेमारी की कार्रवाई शुरू कर दी है। आज निजी हॉस्पिटल और पैथोलॉजी लैब पंजीकरण के नोडल अधिकारी डॉ0....

sonbhadra
10:38 PM, March 25, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जनपद में अवैध रूप से संचालित पैथोलाजी और क्लीनिक के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए आज छापेमारी की कार्रवाई शुरू कर दी है। आज निजी हॉस्पिटल और पैथोलॉजी लैब पंजीकरण के नोडल अधिकारी डॉ0 गुलाब शंकर यादव ने मधुपुर और सुकृत क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान बगैर पंजीकरण संचालित मिले दो पैथोलॉजी लैब और एक क्लिनिक को सीज के नोटिस जारी करते हुए भविष्य में अवैध तरीके से संचालित पाए जाने पर FIR दर्ज कराने की चेतावनी दी है।
आज दोपहर में निजी हॉस्पिटल और पैथोलॉजी लैब पंजीकरण के नोडल अधिकारी डॉ0 गुलाब शंकर यादव ने मधुपुर और सुकृत क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया। सबसे पहले नोडल अधिकारी डॉ0 गुलाब शंकर यादव मधुपुर पहुंचे, जहां शिवा पैथोलॉजी का अवैध संचालन पाया गया। आवश्यक अभिलेख और वैध पंजीकरण न मिलने पर केंद्र को नोटिस जारी करते हुए तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। इसके पश्चात वह सुकृत क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान ओम पैथोलॉजी भी बिना वैध अनुमति के संचालित मिलती पाई गई, जिस पर भी कार्रवाई करते हुए सील की गई। इसी क्रम में सुकृत में ही बिना किसी बोर्ड या पंजीकरण के संचालित अरविंद मौर्य के अवैध क्लिनिक को भी चिन्हित किया गया। जांच में अनियमितताएं मिलने पर इस क्लिनिक को भी नोटिस देते हुए सील कर दिया गया।
वहीं नोडल अधिकारी डॉ0 गुलाब शंकर यादव ने स्पष्ट किया कि "बिना पंजीकरण के संचालित अस्पताल, पैथोलॉजी व क्लिनिक किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनपद में ऐसे अवैध संस्थानों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा, ताकि मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।"



