Sonbhadra news : मादक पदार्थ विरोधी अभियान में दो आरोपी गिरफ्तार, 2.8 किलो गांजा बरामद
पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में कुल 2 किलो 800 ग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

sonbhadra
2:46 PM, May 26, 2026
घनश्याम पांडेय/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र)। जनपद में चलाए जा रहे मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत चोपन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में कुल 2 किलो 800 ग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया जा रहा है।
पहली कार्रवाई में चोपन पुलिस ने 25 मई 2026 की रात करीब 11:20 बजे सिंदुरिया रोड स्थित नॉलेज पार्क स्कूल तिराहा, ग्राम सिंदुरिया के पास से गोविन्द गुप्ता (32) पुत्र दीपनारायण गुप्ता निवासी खैरटिया, थाना ओबरा को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल की डिग्गी में रखे सफेद प्लास्टिक के झोले से 1 किलो 270 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। इस मामले में थाना चोपन में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
दूसरी कार्रवाई में 26 मई 2026 की रात करीब 12:15 बजे फासिल्स पार्क रोड, मारकुंडी टोला अवई क्षेत्र से बृजेश यादव (20) पुत्र महेन्द्र यादव निवासी खैरटिया (डीह बाबा), थाना ओबरा को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से सफेद प्लास्टिक के झोले में 1 किलो 530 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इस संबंध में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के कब्जे से कुल 2 किलो 800 ग्राम गांजा तथा एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।




