Sonbhadra news : वृद्ध की हत्या कर शव फेकने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
बजिया जौराही बॉर्डर जंगल में वृद्ध की हत्या कर शव फेंकने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

sonbhadra
5:29 PM, September 23, 2025
राजेश कुमार (संवाददाता)
बभनी सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र के बजिया जौराही बॉर्डर जंगल में वृद्ध की हत्या कर शव फेंकने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर को श्रीप्रसाद पुत्र सुकाउ (65) अपने बकाया 1700 रुपये मांगने के लिए जयप्रकाश पुत्र धन सिंह (28), निवासी धमकाटोला सालेनाग, को लेकर रामप्यारे पुत्र लालमन, निवासी कनवा बरवाटोला, के घर गए थे। पैसे न मिलने पर दोनों ने रामप्यारे को बाइक पर बैठाकर ले जाते समय गमछे से गला दबाकर हत्या कर दी और शव को बजिया-जौराही बॉर्डर के जंगल में फेंक दिया। मामले में मृतक के पुत्र सूरज की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को जौराही तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। मौके पर पुलिस ने नरकंकाल व मृतक के कपड़े बरामद किए। प्रभारी निरीक्षक बभनी कमलेश पाल ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में जुर्म स्वीकार कर लिया है। दोनों को संबंधित धाराओं 103(1) व 238 (B) में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।




