Sonbhadra News : संचारी माह का सच : स्वास्थ्य विभाग खुद बीमारी की राह पर
सबसे हैरान और शर्मनाक तस्वीर स्वास्थ्य विभाग कर्मचारियों के लिए बने आवास के सामने की है। जहां बड़ी-बड़ी झाड़ियां व गंदगी यह बताने के लिए काफी है कि लंबे समय से यहां किसी अधिकारी का न दौरा हुआ और ना..

sonbhadra
12:38 PM, October 6, 2026
- दूसरों को पढ़ा रहे स्वच्छता का पाठ और खुद कर रहे खिलवाड़
- पुराने जिला अस्पताल में गंदगी और झाड़ियों की भरमार
शांतनु कुमार/प्रकाश खत्री
सोनभद्र। अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के साथ इसकी शुरुआत ग्राम मारकुण्डी से किया था। शुभारंभ के बाद स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों को जागरुक कर रहा है कि डेंगू, मलेरिया सहित मच्छरजनित एवं जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए घर और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखें। लेकिन कहा जाता है न कि किसी को न खुद की गलती दिखती है और न कमी।
यह तस्वीर सीएमओ कार्यालय के ठीक सामने पुराने जिला अस्पताल बिल्डिंग की है, जहाँ स्वास्थ्य विभाग के कई कार्यालय चलते हैं, साथ ही पुराने बिल्डिंग परिसर में कुछ आवास भी बने हैं जहाँ स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कर्मचारी रहते हैं। परिसर के मेन गेट से घुसते ही बाएँ तरफ बड़ी बड़ी झाडियाँ यह बताने के लिए काफी है कि स्वास्थ्य विभाग खुद स्वच्छता पर कितना अमल करता है। उसी मेन गेट से घुसते ही दाहिने तरफ कुड़े का ढेर लगा है, वह स्थान मूत्रालय बना हुआ है।
परिसर के अंदर हेल्थ एवं वैलनेस सेंटर के पास पड़े कूड़े के ढेर यह बताते हैं कि स्वास्थ्य विभाग दूसरों को तो स्वच्छता का पाठ पढ़ाता है लेकिन खुद नहीं पढ़ता।
सबसे हैरान और शर्मनाक तस्वीर स्वास्थ्य विभाग कर्मचारियों के लिए बने आवास के सामने की है। जहां बड़ी-बड़ी झाड़ियां व गंदगी यह बताने के लिए काफी है कि लंबे समय से यहां किसी अधिकारी का न दौरा हुआ और ना उनकी निगाहें इनायत हुई। सीएमओ भले ही दूसरों को स्वस्थ रहने की टिप्स बता रहे हैं लेकिन उनके ही स्वास्थ्य कर्मी किस तरह बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं इसकी तरफ किसी का ध्यान नहीं है । हैरानी तो इस बात पर भी होती है कि बीमारी को पनपने देने के लिए जगह-जगह झाड़ियां कटवाई जा रही है लेकिन उन्हें खुद के घर में समस्या नहीं दिख रही । स्वास्थ्य विभाग जब खुद स्वस्थ रहेगा तभी दूसरों को स्वस्थ रख पाएगा और नसीहत दे सकेगा। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग को अपने घर को पहले दुरुस्त करना चाहिए।
अब देखने वाली बात यह है कि इस महाअभियान में स्वास्थ्य विभाग खुद को कितना स्वच्छ और स्वस्थ रख पाता है ।
संचारी रोगों के खिलाफ डीएम ने संभाली थी कमान
01 से 31 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान




