Sonbhadra News : खनन बैरियर से बचने के लिए हाईवे पर खड़े किए जा रहे थे ट्रक, 32 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
बैरियर से बचने के उद्देश्य से कुछ ट्रक मालिकों एवं चालकों द्वारा अपने वाहनों को हाईवे पर गलत तरीके से खड़ा किया जा रहा था। इससे शक्तिनगर की ओर से आने वाले वाहनों को जाम का सामना करना पड़ा।

sonbhadra
3:04 PM, October 30, 2026
शांतनु कुमार
सोनभद्र। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए सोनभद्र पुलिस ने हाईवे पर अवैध रूप से वाहन खड़े कर जाम लगाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की है। यातायात पुलिस द्वारा चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान स्टेट हाईवे-05 पर अनाधिकृत रूप से ट्रक खड़े कर यातायात बाधित करने का मामला सामने आया।
जानकारी के अनुसार, टोल प्लाजा के पास स्थित खनन बैरियर से बचने के उद्देश्य से कुछ ट्रक मालिकों एवं चालकों द्वारा अपने वाहनों को हाईवे पर गलत तरीके से खड़ा किया जा रहा था। इससे शक्तिनगर की ओर से आने वाले वाहनों को जाम का सामना करना पड़ा। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया और यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया।
इस मामले में प्रभारी निरीक्षक यातायात द्वारा 16 वाहन स्वामियों एवं 16 चालकों समेत कुल 32 लोगों के विरुद्ध थाना रॉबर्ट्सगंज में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कराया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से हाईवे पर अनाधिकृत रूप से वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।




