Sonbhadra News : हिंडाल्को से 1.63 करोड़ का माल लेकर निकला ट्रक लापता, पिपरी थाने में मुकदमा दर्ज
ट्रक रवाना होने के बाद चालक हिम्मत सिंह ने ब्रोकर को फोन कर अपनी दादी की तबीयत खराब होने की जानकारी दी और औरंगाबाद के पास एक दिन रुकने की बात कहीl

sonbhadra
9:44 PM, November 11, 2026
मनोज वर्मा (संवाददाता)
रेणुकूट (सोनभद्र) ।औद्योगिक नगरी रेणुकूट से करोड़ों रुपये का माल लेकर निकले ट्रकों के गायब होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामले में हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड से बेंगलुरु के लिए रवाना हुआ करीब 1.63 करोड़ रुपये मूल्य का माल रास्ते से गायब हो गया। 34 टन 874 किलोग्राम माल लदा ट्रक निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंचा। काफी खोजबीन और ट्रांसपोर्ट कंपनी की ओर से अपने स्तर पर जानकारी जुटाने के बावजूद जब माल और वाहन का पता नहीं चला तो सूरत गुड्स ट्रांसपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड के ब्रांच मैनेजर दुर्गेश कुमार चौबे की तहरीर पर पिपरी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों से माल लेकर निकलने वाले वाहनों की सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। तहरीर के मुताबिक, हिंडाल्को परिसर से 31 अक्टूबर 2026 को वाहन संख्या MH41BE9126 पर 34 टन 874 किलोग्राम माल लोड किया गया था। माल की कुल कीमत 1,63,36,448.52 रुपये बताई गई है। इसे बेंगलुरु पहुंचाया जाना था। ट्रांसपोर्ट कंपनी ने ऑल इंडिया ट्रांसपोर्ट कंपनी के माध्यम से वाहन की व्यवस्था की थी। ट्रक रवाना होने के बाद चालक हिम्मत सिंह ने ब्रोकर को फोन कर अपनी दादी की तबीयत खराब होने की जानकारी दी और औरंगाबाद के पास एक दिन रुकने की बात कहीl
इसके बाद चालक ने मेडिकल समस्या का हवाला देते हुए घर पर रुकने तथा चार नवंबर को बेंगलुरु के लिए रवाना होने की जानकारी दी। इस बीच ट्रांसपोर्ट कंपनी की ओर से वाहन की लोकेशन पर लगातार नजर रखी जा रही थी। आठ नवंबर को वाहन के पंजीकृत स्वामी से संपर्क करने पर जीपीएस ट्रैकिंग रिपोर्ट प्राप्त हुई। रिपोर्ट के अनुसार दो से पांच नवंबर के बीच वाहन पुणे क्षेत्र में मौजूद था। इसके बाद वाहन और उसमें लदे माल का कोई स्पष्ट पता नहीं चल सका। ऐसे में आशंका जताई गई कि इसी दौरान ट्रक में लदा माल रास्ते में कहीं उतारकर गायब कर दिया गया। तहरीर में चालक के साथ ही वाहन के पंजीकृत स्वामी और नोटरी के आधार पर वाहन खरीदने का दावा करने वाले अन्य लोगों का भी उल्लेख किया गया है। ट्रांसपोर्ट कंपनी ने पुलिस से वाहन, माल और मामले में शामिल संदिग्ध लोगों की भूमिका की जांच कर करोड़ों रुपये का माल बरामद कराने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। इस संबंध में पिपरी थाना प्रभारी अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि मामले में तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया गया है और एक टीम महाराष्ट्र के लिए रवाना कर दी गई हैl
**पहले भी गायब हो चुके हैं माल लदे ट्रक**
रेणुकूट और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों से माल लेकर निकलने वाले ट्रकों के गायब होने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी अलग-अलग समय पर माल लदे कई ट्रकों के रास्ते से गायब होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इनमें कुछ मामलों में पुलिस और संबंधित एजेंसियों को सफलता मिली और घटनाओं का खुलासा हुआ, जबकि कुछ मामले अब तक अनसुलझे बने हुए हैं। बार-बार इस तरह की घटनाएं सामने आने से ट्रांसपोर्ट कारोबारियों और औद्योगिक इकाइयों की चिंता बढ़ गई है। करोड़ों रुपये के माल की आवाजाही के बावजूद वाहनों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। ताजा घटना के बाद एक बार फिर पुराने मामलों की जांच और माल लदे वाहनों की निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत महसूस की जा रही है।




