Sonbhadra News : खाड़पाथर मोड़ पर भिड़े ट्रक और ट्रेलर, केबिन में फंसा चालक सुरक्षित निकाला गया
स्थानीय पुलिस चौकी क्षेत्र के खाड़पाथर मोड़ पर सोमवार शाम बारिश के बीच एक ट्रक और ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर हो गई।

sonbhadra
3:44 AM, August 19, 2026
मनोज वर्मा (संवाददाता)
रेणुकूट। स्थानीय पुलिस चौकी क्षेत्र के खाड़पाथर मोड़ पर सोमवार शाम बारिश के बीच एक ट्रक और ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में ट्रेलर चालक केबिन में फंस गया, जिसे आसपास मौजूद वाहन चालकों ने काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब पांच बजे हल्की बारिश के दौरान सड़क पर फिसलन और ढलान के कारण हादसा हुआ। प्रयागराज की ओर से आलू लादकर आ रहा ट्रक विपरीत दिशा से आ रहे लोहे की प्लेट लदे ट्रेलर से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसी में फंस गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने लोहे की जंजीर की मदद से ट्रेलर की बॉडी को खींचकर चालक को बाहर निकाला। ट्रेलर चालक सतनाम सिंह ठाकुर, निवासी कानपुर, ने बताया कि वह ओडिशा के अंगुल से लोहे की प्लेट लेकर लखनऊ जा रहा था। वहीं ट्रक को चालक रमाशंकर मौर्य चला रहा था।
हादसे के बाद दोनों वाहन सड़क पर खड़े होने से आवागमन प्रभावित हो गया और जाम की स्थिति बन गई। सूचना पर रेणुकूट चौकी पुलिस व यातायात पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की सहायता से दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे कराया, जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका। चालक के सुरक्षित बच जाने पर लोगों ने राहत की सांस ली।




