Sonbhadra News : युवा चिकित्सक को नम आंखों से दी गई श्रद्धांजलि, मेडिकल कॉलेज में शोकसभा आयोजित
राजकीय मेडिकल कॉलेज के एल-2 अस्पताल में कार्यरत युवा चिकित्सक डॉ. अनुभव मिश्रा के आकस्मिक निधन पर गुरुवार को मेडिकल कॉलेज परिसर में शोकसभा आयोजित की गई। शोकसभा में चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों.......

sonbhadra
11:49 PM, May 7, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । राजकीय मेडिकल कॉलेज के एल-2 अस्पताल में कार्यरत युवा चिकित्सक डॉ0 अनुभव मिश्रा के आकस्मिक निधन पर गुरुवार को मेडिकल कॉलेज परिसर में शोकसभा आयोजित की गई। शोकसभा में चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं कर्मचारियों ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ0 आनंद कुमार ने की। शोकसभा की शुरुआत डॉ0 अनुभव मिश्रा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। उपस्थित चिकित्सकों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
सभा को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ0 आनंद कुमार ने कहा कि "डॉ0 अनुभव मिश्रा एक कुशल, समर्पित एवं परिश्रमी चिकित्सक थे। उन्होंने बेहद कम समय में मरीजों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई थी। उनका असामयिक निधन चिकित्सा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि डॉ. मिश्रा हमेशा अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहते थे और मरीजों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते थे।"
एल-2 प्रभारी डॉ0 अवनीश शाह ने भी गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि "डॉ0अनुभव मिश्रा का निधन चिकित्सा समुदाय के लिए अत्यंत दुखद है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।"
शोकसभा में उपस्थित चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने डॉ0 अनुभव मिश्रा के व्यक्तित्व, व्यवहार एवं कार्यशैली को याद करते हुए कहा कि वे सरल स्वभाव और सेवा भावना के धनी थे। उनके निधन से मेडिकल कॉलेज परिवार ने एक प्रतिभाशाली एवं संवेदनशील चिकित्सक खो दिया है।
इस दौरान डॉ0 राहुल, डॉ0 प्रशांत शुक्ला, डॉ0 सुनील गौड़, डॉ0 अनिका शमी, डॉ0 दीप्ति सिंह, डॉ0 विजय सिंह, डॉ0 बलवंत नारायण, डॉ0 अमित गुप्ता, डॉ0 प्रीतम पाठक, डॉ0 अमृत राय, शुभम दुबे, पुष्पेंद्र शुक्ला, नेहा गुप्ता, पूजा सिंह, आनंद, अविनाश, मनदीप, पुष्पांजलि सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




