Sonbhadra News : जनजातीय सांस्कृतिक महोत्सव में थिरके आदिवासी कलाकार, दिखी लोक परंपरा की झलक
महोत्सव के दौरान कर्मा की 13, मृदंग की पांच, झूमर की चार और डोमकच की तीन टीमों ने अपनी शानदार कला का प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया।

sonbhadra
4:09 PM, November 20, 2026
राजेश कुमार (संवाददाता)
० सेवा समर्पण संस्थान के तत्वावधान में जनता इंटर कालेज प्रांगण में हुआ भव्य आयोजन
० कर्मा, झूमर, मृदंग व डोमकच की 25 टीमों ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों पर दी मनमोहक प्रस्तुति
बभनी (सोनभद्र) । सेवा समर्पण संस्थान द्वारा जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में जनता इंटर कालेज के प्रांगण में भव्य जनजातीय सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक पूजा-अर्चना और मां भारती व भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ।
मुख्य वक्ता व अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के लोक कला प्रमुख बीरबल सिंह ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समाज की लोक संस्कृति, कला और ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन आने वाली पीढ़ियों को अन्याय के विरुद्ध खड़े होने और अपनी संस्कृति पर गर्व करने की प्रेरणा देता रहेगा।
अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम उत्तर प्रदेश के संगठन मंत्री आनंदजी ने बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। कहा कि आश्रम पिछले 75 वर्षों से जनजातीय समाज की पूजा पद्धति, साहित्य और लोककला को सहेजने का कार्य कर रहा है। अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार ने कहा कि बिरसा मुंडा का संघर्ष केवल राजनीतिक आजादी तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा तथा सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध भी समाज को जागरूक किया।
महोत्सव के दौरान कर्मा की 13, मृदंग की पांच, झूमर की चार और डोमकच की तीन टीमों ने अपनी शानदार कला का प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवा समर्पण संस्थान के जिला उपाध्यक्ष देवनारायण सिंह खरवार ने की और संचालन रामप्रकाश पांडेय व अमरदेव पांडेय ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री शारदा सिंह खरवार, ब्लाक प्रमुख मानसिंह गोंड, जिला पंचायत सदस्य सुषमा सिंह गोंड सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




