Sonbhadra news : पंचर खड़ी पिकअप में पीछे से घुसी यात्रियों से भरी ट्रैवलर, महिला गंभीर
यात्रियों से भरी एक ट्रैवलर (मिनी बस) सड़क किनारे पंचर होकर खड़ी टमाटर लदी पिकअप से जा टकराई।

sonbhadra
11:07 AM, October 6, 2026
- ओडिशा से प्रयागराज जा रही मिनी बस की परासपानी में जोरदार टक्कर, पांच यात्री घायल
एम. शर्मा (संवाददाता)
डाला (सोनभद्र)। चोपन थाना क्षेत्र में मंगलवार की भोर यात्रियों से भरी एक ट्रैवलर (मिनी बस) सड़क किनारे पंचर होकर खड़ी टमाटर लदी पिकअप से जा टकराई। हादसा इतना जोरदार था कि ट्रैवलर में सवार करीब आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। इनमें एक महिला यात्री को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, ओडिशा प्रांत के पंजीकृत नंबर वाली ट्रैवलर में 12 यात्री सवार होकर ओडिशा से प्रयागराज जा रहे थे। मंगलवार की सुबह करीब 4:30 बजे वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर परासपानी के समीप सड़क किनारे पहले से पंचर होकर खड़ी टमाटर लदी पिकअप में ट्रैवलर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर में ओडिशा प्रांत के जिला बोथ थाना क्षेत्र के मनमुंडा अंतर्गत रेनगाडीह निवासी प्रियंवदा मिश्रा (35), पत्नी सुधीर मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसके अलावा ट्रैवलर में सवार करीब चार-पांच अन्य यात्रियों को भी चोटें आईं।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी चोपन भेजा गया, जहां घायलों का उपचार कराया जा रहा है। महिला यात्री की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने हादसे के संबंध में आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी है




