Sonbhadra News : बिना फिटनेस दौड़ रहीं एम्बुलेंस पर परिवहन विभाग का शिकंजा
चेकिंग के दौरान एम्बुलेंस की फिटनेस, इंश्योरेंस और प्रदूषण प्रमाणपत्र समेत अन्य जरूरी कागजातों की जांच की जा रही है।

चालान की कार्रवाई करते पीटीओ मनोज गुप्ता
sonbhadra
4:25 PM, October 7, 2026
शांतनु कुमार
० दो दिन में छह एम्बुलेंस का चालान, करीब 40 वाहनों की फिटनेस फेल-फिटनेस
० इंश्योरेंस व प्रदूषण की हो रही जांच
सोनभद्र। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर जनपद में बगैर वैध कागजात और फिटनेस के संचालित हो रहीं एम्बुलेंस के खिलाफ परिवहन विभाग ने विशेष चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। बुधवार को एआरटीओ कौशल कुमार सिंह के नेतृत्व में पिपरी रोड पर चलाए गए अभियान में दो और एम्बुलेंस बगैर आवश्यक कागजात के संचालित मिलीं, जिनका चालान किया गया। अभियान के पहले दिन पीटीओ मनोज कुमार गुप्ता ने चार एम्बुलेंस का चालान किया गया था। इस तरह दो दिनों में छह एम्बुलेंस के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।
चेकिंग के दौरान एम्बुलेंस की फिटनेस, इंश्योरेंस और प्रदूषण प्रमाणपत्र समेत अन्य जरूरी कागजातों की जांच की जा रही है। एआरटीओ के जांच अभियान को देखकर कुछ अन्य एम्बुलेंस चालक अपने वाहन सड़क किनारे छोड़कर मौके से भाग निकले।
एआरटीओ कौशल कुमार सिंह ने बताया कि जनपद में करीब 105 एम्बुलेंस पंजीकृत हैं, जिनमें लगभग 40 वाहनों की फिटनेस फेल है। ऐसे वाहनों को चिन्हित किया जा रहा है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने एम्बुलेंस संचालकों को सख्त चेतावनी दी कि बिना वैध फिटनेस और आवश्यक दस्तावेजों के वाहन सड़क पर संचालित मिला तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग के इस अभियान का उद्देश्य एम्बुलेंस के संचालन में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के साथ मरीजों की सुरक्षा को प्राथमिकता देना है। विभाग की टीम लगातार एम्बुलेंस की जांच कर रही है और नियमों का उल्लंघन मिलने पर चालान की कार्रवाई की जा रही है।




