Sonbhadra news : पांच दिनों से जला ट्रांसफार्मर, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा; प्रदर्शन कर जल्द बदलने की उठाई मांग
पंचायत वेलकप के राजस्व ग्राम बघनार में लगा 63 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर पिछले पांच दिनों से जला होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

sonbhadra
12:28 PM, August 4, 2026
राकेश चौबे
मारकुंडी (सोनभद्र)। चोपन क्षेत्र के ग्राम पंचायत वेलकप के राजस्व ग्राम बघनार में लगा 63 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर पिछले पांच दिनों से जला होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि 31 जुलाई को आकाशीय बिजली गिरने के बाद ट्रांसफार्मर खराब हो गया, जिसके बाद से पूरे गांव की बिजली आपूर्ति बाधित है।
बिजली न मिलने से लोगों को पेयजल, घरेलू कार्यों और बच्चों की पढ़ाई सहित कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कई बार विभाग को सूचना देने के बावजूद अब तक ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है।
मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की और जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
प्रदर्शन में राहुल प्रताप सिंह, उमेश शर्मा, नागेश्वर प्रसाद गुप्ता, बाबूलाल गुप्ता, लाल जी, मुन्ना, सुजीत, हीरालाल पाल, मोहू, मानवेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से तत्काल कार्रवाई कर गांव की विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
उक्त सम्बंध में जेई अतुल कुमार से जानकारी चाही तो उन्होंने बताया कि इसकी जानकारी हो गई है ,जल्द से जल्द नया ट्रासफार्मर बदलवाने का कार्य किया जा रहा है।




