Sonbhadra News : वनदेवी मंदिर के पास श्रद्धालुओं की कार में ट्रेलर ने मारी टक्कर, बाल-बाल बचे लोग
चालक गणेश ने बताया कि कुछ सेकंड का अंतर होता तो जान बचाना मुश्किल हो जाता। सूचना मिलने पर पिपरी पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची।

sonbhadra
4:47 PM, October 16, 2026
मनोज बर्मा (संवाददाता)
रेणुकूट (सोनभद्र)। पिपरी थाना क्षेत्र में रिहंद बांध के समीप स्थित वनदेवी मंदिर के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार ट्रेलर ने श्रद्धालुओं की खड़ी कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार चालक गणेश समेत कई लोग बाल-बाल बच गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, रेणुकूट से कुछ श्रद्धालु मां वनदेवी के दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे थे। कार खड़ी करने के बाद श्रद्धालु उससे उतरकर कुछ कदम आगे बढ़े ही थे कि अनपरा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने अनियंत्रित होकर कार में टक्कर मार दी। संयोग रहा कि उस समय श्रद्धालु कार से दूर जा चुके थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
चालक गणेश ने बताया कि कुछ सेकंड का अंतर होता तो जान बचाना मुश्किल हो जाता। सूचना मिलने पर पिपरी पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। आरोप है कि ट्रेलर चालक नशे में था। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।




