Sonbhadra News : ट्रैफ़िक पुलिस ने दिखाया गाँधीगिरी, चालान काटने के बजाय थमाया गुलाब
बिना हेलमेट पहने एवं ट्रिपल बाइक सवारों को रोक कर गुलाब का फूल दे कर समझाया गया। साथ ही चेतावनी दी गयी।

sonbhadra
7:41 PM, March 22, 2026
जयनाथ मौर्या (संवाददाता)
मधुपुर (सोनभद्र) । स्थानीय बाजार के उत्तरी तिराहे पर ट्रैफिक पुलिस ने एक एनजीओ के द्वारा आयोजित यातायात सुरक्षा अभियान चलाया । इस दौरान बिना हेलमेट पहने एवं ट्रिपल बाइक सवारों को रोक कर गुलाब का फूल दे कर समझाया गया। साथ ही चेतावनी दी गयी कि हेलमेट नहीं लगा कर बाइक चलाने पर अकस्मात हुई दुर्घटना में यह फूल फ़ोटो पर चढ़ाने की नौबत आ सकती है। अतः सुरक्षित तरीके से ही हेलमेट लगा कर बाइक चलायें एवं यातायात नियमों का पालन करते हुये दुर्घटना से बचें । इस दौरान हेलमेट लगा कर आ रहे लोगों को शाबासी भी दी गयी और अपने नजदीकी लोगों को सुरक्षित चलने हेतु प्रेरित करने का संदेश दिया गया। इस अभियान में ट्रैफिक इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार शुक्ला, राम स्वरूप वर्मा प्रभारी निरीक्षक राबर्ट्सगंज, हिन्दुवारी चौकी प्रभारी अनिल कुमार विश्वकर्मा, सुकृत चौकी इंचार्ज मानवेन्द्र सिंह, उप निरीक्षक राम आसरे यादव सहित समाजसेवी मनोज कुमार कुशवाहा, रविशंकर, बृजेश कुमार, शत्रुघ्न मौर्य, सहित तमाम लोगों ने अभियान में सहभागिता निभायी।



