Sonbhadra News : ट्रैफिक सीओ ने नौनिहालों को पढ़ाया सड़क सुरक्षा का पाठ, छात्रों ट्रैफिक नियमों के पालन का लिया संकल्प
सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रॉबर्ट्सगंज स्थित सनबीम स्कूल में शनिवार को व्यापक यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को यातायात नियमों,......

sonbhadra
6:15 PM, August 22, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रॉबर्ट्सगंज स्थित सनबीम स्कूल में शनिवार को व्यापक यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सड़क संकेतों और सुरक्षित यातायात व्यवहार की जानकारी देकर कम उम्र से ही जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी यातायात सुधीर सिंह, यातायात निरीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह और यातायात उपनिरीक्षक तीरथ लाल मुख्य रूप से मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को व्यावहारिक उदाहरणों के जरिए यातायात नियमों के महत्व और सड़क पर बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी दी।
हेलमेट से सीट बेल्ट तक, सुरक्षा के बताए नियम -
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ट्रैफिक सिग्नल के लाल, पीले और हरे रंग के संकेत, जेब्रा क्रॉसिंग के सही इस्तेमाल, गति सीमा तथा विभिन्न सड़क संकेतक बोर्डों के अर्थ समझाए गए। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने पर विशेष जोर दिया गया।
क्षेत्राधिकारी यातायात सुधीर सिंह ने विद्यार्थियों को बताया कि "बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि स्वयं और दूसरों की जिंदगी को भी खतरे में डाल सकता है। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ अपने परिजनों और आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें।"
नुक्कड़ नाटक और क्विज ने बांधा समां -
यातायात नियमों की जानकारी को रोचक बनाने के लिए विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। इसके अलावा ट्रैफिक क्विज प्रतियोगिता का आयोजन कर बच्चों की जानकारी और जागरूकता को परखा गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सड़क सुरक्षा की शपथ
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और दूसरों को भी सुरक्षित यातायात के लिए जागरूक करने की शपथ ली। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि यातायात अनुशासन की नींव बचपन से ही मजबूत की जानी चाहिए। बच्चों में सड़क सुरक्षा की आदत विकसित होने से भविष्य में सुरक्षित और जिम्मेदार समाज के निर्माण में मदद मिलेगी। कार्यक्रम का समापन विद्यालय की प्रधानाचार्या श्वेता यादव के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।




