Sonbhadra News : खेतों में चलने वाले ट्रैक्टर सड़कों पर ढो रहे माल, लोगों ने दुर्घटना की जताई आशंका
रेलवे से निकलने वाले स्क्रैप पीलर को नगर क्षेत्र के अंबेडकर मूर्ति के पास डंप किया जा रहा है। लोगों की चिंता यह है कि जिस तरह से भारी भरकम पीलर लेकर ट्रैक्टर नगर में फर्राटा भर रहा है।

sonbhadra
10:53 AM, October 23, 2026
दिलीप श्रीवास्तव/प्रकाश खत्री (संवाददाता)
चुर्क (सोनभद्र)। चुर्क नगर क्षेत्र में फर्राटा भर रहे ट्रैक्टर लोगों के लिए मुसीबत बन गए हैं। खेती में उपयोग होने वाले ट्रैक्टर अब सड़कों पर स्क्रैप ढोते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि रेलवे से निकलने वाले स्क्रैप पीलर को नगर क्षेत्र के अंबेडकर मूर्ति के पास डंप किया जा रहा है। लोगों की चिंता यह है कि जिस तरह से भारी भरकम पीलर लेकर ट्रैक्टर नगर में फर्राटा भर रहा है, कभी कोई पीलर गिर गया तो बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों का कहना है कि कुछ महीना पहले शिल्पारी चुर्क मार्ग पर ट्रैक्टर की टक्कर से एक नाबालिक बच्चे की मौत हो गई थी ।
लोगों ने प्रशासन से ट्रैक्टर द्वारा ढुलाई पर रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि बाजार क्षेत्र हमेशा भीड़-भाड़ वाला रहता है और आज एमएलसी चुनाव है। ऐसे में इस तरह से ट्रैक्टरों के आवाजाही से कोई भी अनहोनी घट सकती है। इसलिए समय रहते इस पर रोक लगनी चाहिए।




