Sonbhadra News : सोनभद्र को नशा मुक्त बनाने के लिए 14 अक्टूबर से शुरू होगा "नशा मुक्ति संकल्प अभियान"
युवा पीढ़ी का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। ऐसे में हास्य कलाकार अभय कुमार शर्मा टीवी स्क्रीन से निकलकर अब सड़कों पर उतर रहे हैं, ताकि गाँव और शहर जाकर लोगों को नशा छोड़ने हेतु प्रेरित किया जा सके

sonbhadra
5:31 PM, October 12, 2026
शांतनु कुमार
० हास्य कलाकार अभय कुमार शर्मा के नेतृत्व में निकलेगी जन-जागरूकता पदयात्रा
सोनभद्र । जनपद सोनभद्र को नशा मुक्त बनाने एवं युवाओं को इस सामाजिक कुरीति से बचाने के उद्देश्य से आगामी 14 अक्टूबर 2026 से यात्रा का आरंभ मड़रा - शिव मंदिर,ग्राम पंचायत-सेंधुरी, राबर्ट्सगंज से एक विशाल जन-जागरूकता मुहिम "नशा मुक्ति संकल्प अभियान - अभय का" का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'नशा मुक्त भारत' के आह्वान को धरातल पर उतारने के लिए देश के सुप्रसिद्ध हास्य कलाकार अभय कुमार शर्मा के नेतृत्व में इस वृहद पदयात्रा एवं जनजागरण कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है।
इसी क्रम में आज आयोजक मंडल एवं कार्यक्रम संयोजक सौरभ कांत पति तिवारी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जनपद के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें इस पुनीत अभियान में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होने हेतु औपचारिक आमंत्रण पत्र सौंपा।
कार्यक्रम संयोजक व यूथ आइकॉन सौरभ कांत पति तिवारी ने बताया कि जनपद में नशाखोरी तेजी से अपने पैर पसार रही है, जिससे युवा पीढ़ी का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। ऐसे में हास्य कलाकार अभय कुमार शर्मा टीवी स्क्रीन से निकलकर अब सड़कों पर उतर रहे हैं, ताकि गाँव-गाँव और शहर-शहर जाकर लोगों को नशा छोड़ने हेतु प्रेरित किया जा सके और उन्हें संकल्प दिलाया जा सके।
इस अवसर पर आयोजक मंडल के प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से यूथ आइकॉन सौरभ कांत पति तिवारी,कार्यक्रम सह-संयोजक अजय शर्मा एवं सुनील शुक्ला उपस्थित रहे।




