Sonbhadra News : काल बनी किलर रोड ! बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार सगे भाइयों सहित तीन को कुचला, मौत
जिला प्रशासन के लाख प्रयासों के बावजूद सोनभद्र में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बेकाबू रफ्तार और अनियंत्रित वाहनों की चपेट में आने से रोज लोगों की मौत हो रही हैं। इसी क्रम में रविवार की..

एनिमेटेड फोटो.....
sonbhadra
7:56 AM, February 9, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जिला प्रशासन के लाख प्रयासों के बावजूद किलर रोड के नाम से कुख्यात वाराणसी-शक्तिनगर राज्यमार्ग पर रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बेकाबू रफ्तार और अनियंत्रित वाहनों की चपेट में आने से रोज लोगों की मौत हो रही हैं। इसी क्रम में रविवार की रात फिर एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार सगे भाइयों सहित तीन की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के हिन्दुआरी तिराहे पर रविवार की देर रात तेज रफ्तार ट्रक के धक्के से बाइक सवार दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। रॉबर्ट्सगंज में तिलक समारोह में शामिल होकर तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर अपने घर मधुपुर जा रहे थे। देर रात जैसे ही वे हिन्दुआरी तिराहे पर पहुंचे कि तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें धक्का मार दिया। जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान हिन्दुआरी गांव निवासी प्रेम सिंह पुत्र केदार सिंह तथा दयाशंकर सिंह एवं कमला सिंह पुत्रगण सोमरू निवासीगण तिलया थाना रॉबर्ट्सगंज के रूप में हुई है, जिसमें दयाशंकर सिंह मधुपुर स्थित चंद्रगुप्त मौर्य इंटर कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया हैं। वहीं घटना की सूचना पाकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया।
बताते चलें कि वाराणसी-शक्तिनगर राज्यमार्ग 'किलर रोड' के नाम से कुख्यात हैं, जहां तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही के चलते आए दिन होने वाले हादसों में लोगों को अपनी जानें गवानी पड़ती हैं। वहीं घटना के बाद एक बार फिर स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर स्पीड कंट्रोल के लिए पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।




