Sonbhadra News : उद्योग बंधु की बैठक में व्यापारियों एवं जनहित से जुड़े तीन प्रमुख मुद्दे उठाए
उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय से सटे बिचपई, बढ़ौली, पुसौली एवं उरमौरा सहित आसपास के गांवों में योजना का अपेक्षित लाभ धरातल पर दिखाई नहीं दे रहा है। अभी तक इन गांव में जलापूर्ति नहीं हो रही है।

sonbhadra
3:47 PM, November 2, 2026
शांतनु कुमार
सोनभद्र । कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित उद्योग बंधु की बैठक में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिला अध्यक्ष कौशल शर्मा ने जनपद के व्यापारियों एवं आमजन से जुड़े विभिन्नमहत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए उनके निराकरण के लिए ज्ञापन सौंपा।
बैठक में उपस्थित जिला स्तरीय अधिकारियों के समक्ष कौशल शर्मा ने सर्वप्रथम वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर संचालित टोल प्लाजा की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए टोल वसूली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, सड़क के नियमित रखरखाव, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत तथा यात्रियों को पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने टोल प्लाजा की कार्यप्रणाली एवं राजस्व वसूली से संबंधित बिंदुओं की उच्चस्तरीय जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आग्रह किया।
दूसरे महत्वपूर्ण मुद्दे के रूप में उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित 'हर घर नल से जल' योजना की जमीनी हकीकत पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय से सटे बिचपई, बढ़ौली, पुसौली एवं उरमौरा सहित आसपास के गांवों में योजना का अपेक्षित लाभ धरातल पर दिखाई नहीं दे रहा है। अभी तक इन गांव में जलापूर्ति नहीं हो रही है।वहीं कई घरों में अभी तक नल कनेक्शन तक नहीं लगाए गए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से योजना की स्थलीय जांच कराकर प्रत्येक पात्र परिवार तक नियमित एवं शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग की।
तीसरे मुद्दे में उन्होंने फ्लाईओवर के नीचे से मिर्जापुर डिपो की बसों के लगातार संचालन का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि पूर्व में जनहित में इस समस्या को संज्ञान में लाया गया था और प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक निर्देश भी दिए गए थे, इसके बावजूद बसों का संचालन अभी भी फ्लाईओवर के नीचे से किया जा रहा है। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने पूर्व में दिए गए आदेशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कर बसों का संचालन निर्धारित रोडवेज परिसर से कराए जाने की मांग की।
उन्होंने जिलाधिकारी से सभी प्रकरणों में संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराने का आग्रह किया। बैठक में मुख्य रूप से नागेंद्र मोदनवाल, अमित अग्रवाल, प्रतीक केसरी सहित अन्य संगठनों के लोग भी मौजूद रहे।




