Sonbhadra News : तीन लाशें, चार घायल….. जनप्रतिनिधि 'लापता', धर्मवीर तिवारी ने संभाली जिम्मेदारी
राबर्ट्सगंज के लोढ़ी टोल प्लाजा से पहले हुए दर्दनाक सड़क हादसे की सूचना मिलते ही भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ0 धर्मवीर तिवारी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और मृतकों के परिजनों से मिलकर......

sonbhadra
5:00 PM, April 25, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । राबर्ट्सगंज के लोढ़ी टोल प्लाजा से पहले हुए दर्दनाक सड़क हादसे की सूचना मिलते ही भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ0 धर्मवीर तिवारी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और मृतकों के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिवारों को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
बताते चलें कि आज अलसुबह रायपुर थाना क्षेत्रके पवनी गांव से बारात में शामिल होकर वापस लौटते समय रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के आरटीओ कार्यालय के पास कार हादसे का शिकार हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ससनई गांव निवासी तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायल तीन लोगों का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है जबकि एक युवक को वाराणसी रेफर किया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजवाया। वहीं जिला मुख्यालय पर इतनी बड़ी दुर्घटना के बाद भी मौके पर किसी भी जनप्रतिनिधि के नहीं पहुंचने पर पीड़ित परिवारों में नाराजगी देखने को मिली।
वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ0 धर्मवीर तिवारी ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उनके दुख में सहभागी बने। उन्होंने कहा कि यह हादसा बेहद दुखद और पीड़ादायक है, ऐसे समय में समाज के हर वर्ग को पीड़ितों के साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से घायलों के समुचित और बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की।
इस दौरान उनके साथ पूर्व प्रधान ससनई राजकुमार सिंह और योगेश सिंह भी मौजूद रहे।




