Sonbhadra news : पैतृक भूमि विवाद में तीन गिरफ्तार, दो आरोपी फरार; शांति व्यवस्था बनाए रखने को पुलिस की निवारक कार्रवाई
मिशिरा में पैतृक भूमि के बंटवारे को लेकर एक ही परिवार के सदस्यों के बीच हुए विवाद और मारपीट के मामले में पुलिस ने शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कि कार्रवाई ।

sonbhadra
6:18 PM, July 6, 2026
शक्तिनगर (सोनभद्र)। थाना शक्तिनगर क्षेत्र के ग्राम मिशिरा में पैतृक भूमि के बंटवारे को लेकर एक ही परिवार के सदस्यों के बीच हुए विवाद और मारपीट के मामले में पुलिस ने शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निवारक कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। वहीं दो आरोपी पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी पिपरी के मार्गदर्शन में सोमवार को थाना शक्तिनगर पुलिस को ग्राम मिशिरा में पारिवारिक भूमि विवाद की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तनावपूर्ण स्थिति और लोक शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 एवं 135 के तहत निवारक कार्रवाई की।
पुलिस ने प्रियंका देवी पत्नी राजेश भारती, राजेश भारती पुत्र दादूराम तथा दादूराम पुत्र चेदक निवासी ग्राम मिशिरा, थाना शक्तिनगर को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
वहीं प्रथम पक्ष के राहुल पुत्र दादूराम एवं केश देवी पत्नी राहुल पुलिस टीम को देखकर मौके से फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में चौकी बीना प्रभारी उपनिरीक्षक अजय कुमार श्रीवास्तव, महिला मुख्य आरक्षी निधि एवं आरक्षी अरुण कुमार शामिल रहे।




