Sonbhadra news : फाइनेंस कंपनी के नाम पर ट्रेलर छीनने वाले तीन गिरफ्तार
फाइनेंस कंपनी के नाम पर किश्त बकाया होने का भय दिखाकर हाईवे पर ट्रेलर रोकने, चालक के साथ मारपीट करने और जबरन वाहन कब्जे में लेने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

sonbhadra
4:38 PM, October 5, 2026
- किश्त बकाया होने का भय दिखाकर हाईवे पर रोका था वाहन, चालक से मारपीट कर जबरन कब्जे में लिया ट्रेलर
शांतनु कुमार/प्रकाश खत्री
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज थाना पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के नाम पर किश्त बकाया होने का भय दिखाकर हाईवे पर ट्रेलर रोकने, चालक के साथ मारपीट करने और जबरन वाहन कब्जे में लेने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना से संबंधित ट्रेलर के साथ दो पल्सर मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना रॉबर्ट्सगंज में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 822/2026 में तीनों आरोपी वांछित थे। आरोप है कि आरोपियों ने फाइनेंस कंपनी में सीजिंग का काम करने की बात कहते हुए किश्त बकाया होने के नाम पर हाईवे पर ट्रेलर को रोका। इसके बाद चालक को जबरन वाहन से उतारकर ट्रेलर अपने कब्जे में ले लिया। चालक ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई और केबिन की खिड़की से उसका गला दबाने का प्रयास भी किया गया।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर 2026 को हिन्दुआरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विनय कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मामले में वांछित तीनों आरोपी हिन्दुआरी पुलिया से पहले बाबा ढाबा के पास मोटरसाइकिलों के साथ मौजूद हैं और कहीं जाने की फिराक में हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपियों ने मोटरसाइकिल से भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने करीब 10:20 बजे तीनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से एक पल्सर और एक बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद हुई, जिन्हें धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया।
पूछताछ में बताई वाहन कब्जे में लेने की बात
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे श्रीराम फाइनेंस कंपनी में सीजिंग का काम करते हैं। कंपनी से किश्त बकाया वाहनों की सूचना मिलने पर संबंधित वाहनों को कब्जे में लेकर यार्ड में खड़ा कर कंपनी को सूचना देते हैं। आरोपियों के मुताबिक 4/5 अक्टूबर की रात ट्रेलर को किश्त बकाया होने के आधार पर कब्जे में लेकर हिन्दुआरी स्थित यार्ड ले जाया जा रहा था। इसी दौरान ट्रेलर खराब होकर बंद हो गया और उसे डीआर ड्रीम होटल के सामने छोड़ दिया गया। इसी दौरान चालक के विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई।
गिरफ्तार आरोपी
आशु सिंह पुत्र धर्मराज सिंह, निवासी मगरहथा, थाना पन्नूगंज। सूरज पाण्डेय पुत्र नरेन्द्र नाथ पाण्डेय, निवासी परसौना, थाना रॉबर्ट्सगंज। संतोष सिंह पुत्र राजकुमार सिंह, निवासी पकरी चण्डी होटल, थाना रॉबर्ट्सगंज।
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी अलग-अलग मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
गिरफ्तारी टीम: उपनिरीक्षक विनय कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल हरिराज सिंह, कांस्टेबल अभिमन्यु पाण्डेय और कांस्टेबल दीपक सिंह, चौकी हिन्दुआरी, थाना रॉबर्ट्सगंज।




