Sonbhadra news : मारपीट और महिला से अभद्रता के मामलों में तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

sonbhadra
6:08 PM, July 18, 2026
घनश्याम पांडेय/रविन्द्रनाथ पाठक (संवाददाता)
जुगैल (सोनभद्र)। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के अभियान के तहत जुगैल थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पहला मामला ग्राम भीतरी का है, जहां अत्ताउल्लाह यादव ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके खेत में पड़ोसियों के मवेशी घुस जाते थे। इसका विरोध करने पर राजेश यादव और संतोष यादव ने उनके साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया।
दूसरे मामले में चतरवार निवासी रानी ने पुलिस को बताया कि अक्षय वर्मा उनकी दुकान से उधार सामान लेता था। भुगतान मांगने पर उसने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उनके दिव्यांग पति के साथ भी अपमानजनक व्यवहार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी का व्यवहार उग्र होने पर उसे भी हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में राजेश (32 वर्ष) पुत्र रामपति यादव, संतोष (23 वर्ष) पुत्र मैनेजर यादव, दोनों निवासी टोला भीतरी थाना जुगैल, तथा अक्षय वर्मा पुत्र नरेश वर्मा शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश कर दिया। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप वर्मा, उपनिरीक्षक मेराज खां, कांस्टेबल अजय तथा कांस्टेबल अशोक अहिरवार शामिल रहे।




