Sonbhadra News : कलेक्ट्रेट तिराहे पर पुलिस की तीसरी आंख तैनात, हादसे से लेकर संदिग्ध वाहनों तक हर गतिविधि पर रहेगी नजर
लोढ़ी स्थित कलेक्ट्रेट तिराहा अब पुलिस की तीसरी आंख के पहरे में रहेगा। आज ट्रैफिक इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार सिंह की निगरानी में स्टेट हाईवे के डिवाइडर पर चार अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए.........

सीसीटीवी कैमरा लगवाते ट्रैफिक इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार सिंह......
sonbhadra
2:38 PM, August 21, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । लोढ़ी स्थित कलेक्ट्रेट तिराहा अब पुलिस की तीसरी आंख के पहरे में रहेगा। आज ट्रैफिक इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार सिंह की निगरानी में स्टेट हाईवे के डिवाइडर पर चार अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए। कैमरे सक्रिय होने के बाद तिराहे से गुजरने वाले वाहनों से लेकर संदिग्ध गतिविधियों तक हर हलचल कैमरे की नजर में रहेगी।
कलेक्ट्रेट तिराहा सुरक्षा और यातायात के लिहाज से बेहद संवेदनशील स्थान है। इसी क्षेत्र में जिलाधिकारी कार्यालय, विकास भवन के साथ जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के आवास स्थित हैं। दूसरी ओर स्टेट हाईवे होने के कारण इस मार्ग पर खनिज लदे भारी वाहनों का लगातार दबाव रहता है। दुर्घटना संभावित क्षेत्र होने के कारण यहां होने वाले सड़क हादसों के बाद फरार वाहनों की पहचान पुलिस के लिए चुनौती बनती रही है। अब सीसीटीवी फुटेज ऐसे मामलों में अहम सुराग साबित होगी।
हादसा हुआ तो कैमरा बताएगा किस वाहन ने मारी टक्कर -
तिराहे पर लगे चार कैमरे यातायात व्यवस्था की निगरानी के साथ सड़क हादसों की जांच में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। दुर्घटना के बाद मौके से निकलने वाले वाहनों की पहचान फुटेज के आधार पर की जा सकेगी। इससे पुलिस की जांच को तेजी मिलेगी और हादसों के जिम्मेदार वाहनों तक पहुंचना आसान होगा।
आरओबी निर्माण ने बदली कैमरों की जगह, अब बढ़ी उपयोगिता -
गौरतलब है कि ये सीसीटीवी कैमरे पहले रेलवे क्रॉसिंग रोड पर लगाए गए थे। आरओबी निर्माण शुरू होने के बाद वहां कैमरों की उपयोगिता काफी कम हो गई थी। पुलिस ने संसाधनों को बेकार पड़े रहने देने के बजाय उन्हें वहां से हटाकर कलेक्ट्रेट तिराहे पर शिफ्ट कर दिया, जहां उनकी जरूरत और उपयोगिता दोनों अधिक है।
खनिज लदे बगैर नंबर प्लेट के ट्रकों पर भी रहेगी निगाह -
स्टेट हाईवे पर खनिज लदे भारी वाहनों की लगातार आवाजाही को देखते हुए सीसीटीवी निगरानी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। तिराहे से गुजरने वाले वाहनों की गतिविधियों पर नजर रहने से यातायात नियमों के उल्लंघन और किसी घटना के बाद वाहन की पहचान में पुलिस को ठोस मदद मिलेगी।
वहीं ट्रैफिक इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि "कलेक्ट्रेट तिराहा महत्वपूर्ण होने के साथ दुर्घटना संभावित क्षेत्र भी है। यहां चार सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि यातायात व्यवस्था के साथ-साथ किसी भी दुर्घटना या संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके। उन्होंने कहा कि रेलवे क्रॉसिंग रोड पर आरओबी निर्माण के कारण कैमरों की उपयोगिता कम हो गई थी, इसलिए उन्हें शिफ्ट कर ऐसे स्थान पर लगाया गया है, जहां उनकी प्रभावी निगरानी का अधिक लाभ मिल सके।"




