Sonbhadra News : सर्राफा व्यापारी के घर लाखों की चोरी, नकदी व गहने उठा ले गए चोर
चोपन थाना क्षेत्र के कस्बे में बीती रात चोरों ने एक सर्राफा व्यापारी के घर घुस कर नकदी व गहने पर हाथ साफ कर दिया। घटना के वक्त परिवार के सदस्य कमरे में सो रहे थे।

sonbhadra
5:10 PM, March 25, 2026
घनश्याम पांडे/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र) । स्थानीय थाना क्षेत्र के कस्बे में बीती रात चोरों ने एक सर्राफा व्यापारी के घर घुस कर नकदी व गहने पर हाथ साफ कर दिया। घटना के वक्त परिवार के सदस्य कमरे में सो रहे थे।
जानकारी के मुताबिक चोर देर रात घर में घुसे और पहले परिवार के सदस्यों को उनके कमरे में बाहर से बंद कर दिया ताकि कोई विरोध न कर सके। इसके बाद चोरों ने आराम से घर के एक कमरे में रखे बक्सों और आलमारियों को खंगाला । जिसमें कपड़े और अन्य सामान को भी बुरी तरह तहस-नहस कर दिया गया। पीड़ित दिनेश वर्मा के अनुसार, रात में परिवार के सभी लोग खाना खाकर ऊपर सोने चले गए थे। सुबह करीब 4:30 बजे जब उनकी नींद खुली और दरवाजा खोलने की कोशिश की तो वह बाहर से बंद मिला। इसके बाद वह दीवार कूदकर बाहर निकले और दरवाजा खोला। नीचे जाकर देखा तो अन्य कमरों के दरवाजे भी बाहर से बंद थे और एक कमरे में सारा सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित ने बताया कि घर से करीब 60 से 65 हजार रुपये नकद, ढाई से तीन भर सोना और तीन से चार भर चांदी के जेवरात थे जो चोरी हो गए । हालांकि चोर दुकान में रखें तिजोरी तक नहीं पहुंच पाए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद डायल 112 टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



