Sonbhadra news : प्राचीन काली माता मंदिर में चोरों का धावा, पांच घंटे चोरी
सुकृत चौकी क्षेत्र के गौरही गांव स्थित प्राचीन काली माता मंदिर में रात के अंधेरे में चोरों ने धावा बोल दिया।

sonbhadra
6:18 PM, September 21, 2026
जय नाथ मौर्या (संवाददाता)
-- श्रद्धालुओं के चढ़ाए करीब 20 किलो वजनी घंटे सीकड़ काटकर ले उड़े चोर, सुबह पूजा करने पहुंचे लोगों में मचा हड़कंप
मधुपुर। सुकृत चौकी क्षेत्र के गौरही गांव स्थित प्राचीन काली माता मंदिर में रात के अंधेरे में चोरों ने धावा बोल दिया। चोर मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा लगवाए गए छोटे-बड़े घंटों में से पांच छोटे घंटे सीकड़ काटकर चोरी कर ले गए। चोरी किए गए घंटों का कुल वजन करीब 20 किलो बताया जा रहा है।
सुबह मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं की नजर जब घंटों पर पड़ी तो वे गायब मिले। मंदिर में चोरी की जानकारी होते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और क्षेत्र में हड़कंप मच गया। श्रद्धालुओं ने घटना की सूचना सुकृत पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मंदिर में चोरी की घटना को लेकर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में नाराजगी है। लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों का पता लगाकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में घटना से जुड़े सुराग तलाश रही है।




