Sonbhadra News : चोरों ने फिर बनाया मंदिर को निशाना, ओबरा शारदा मंदिर में चोरी की वारदात से हड़कंप
चोरी की घटना नगर में आग की तरह फैल गयी और देखते ही देखते मंदिर परिसर में भारी भीड़ जुट गई।ओबरा के मुख्य चौराहे पर हुई इस घटना ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

sonbhadra
9:53 AM, October 24, 2026
शांतनु कुमार/घनश्याम पांडेय
सोनभद्र में चोरो ने एक बार फिर मन्दिर को निशाना बनाते हुए ओबरा स्थित शारदा मंदिर के मुख्य चैनल गेट समेत तीन तालों को तोड़कर राधा-कृष्ण दरबार की कई धातु की वस्तुओं पर हाथ साफ कर दिया। मन्दिर में चोरी की जानकारी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया । इस घटना ने पुलिस गश्त व सुरक्षा की पोल खोलकर रख दी ।
जानकारी के मुताबिक बताया जा रहा है कि रात करीब 12 बजकर 45 मिनट पर चोर चोरी की इस वारदात को अंजाम दिये। सीसीटीवी कैमरा के मुताबिक चोर मंदिर के मुख्य चैनल गेट समेत तीन तालों को तोड़कर सीधे राधा-कृष्ण दरबार पहुंचे और वहाँ रखी कई धातु की वस्तुओं पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मन्दिर समिति को सुबह हुई। जब पुजारी मन्दिर पहुंचे तो वहाँ का नजारा देख सन्न रह गए। उन्होंने इसकी सूचना मन्दिर समिति के लोगों को दी। जिसके बाद वहाँ मंदिर समिति के सदस्य और पुलिस पहुंची। चोरी की घटना नगर में आग की तरह फैल गयी और देखते ही देखते मंदिर परिसर में भारी भीड़ जुट गई।ओबरा के मुख्य चौराहे पर हुई इस घटना ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लोगों का कहना है कि अभी मंगलवार को चोर एक घर में घुसकर लाखों रुपये नकद और आभूषण पर हाथ साफ कर दिया था।
क्या जिले में कर रहा कोई गैंग काम
ओबरा के शारदा मंदिर में हुई चोरी की वारदात के बाद एक बार फिर यह सवाल उठने लगा है कि क्या जिले में कोई ऐसा गैंग काम कर रहा है जो सिर्फ मंदिर को ही अपना निशाना बना रहा है । क्योंकि इसके पहले कर्मा क्षेत्र में तीन मंदिरों को टारगेट बनाया गया। इसके बाद मधुपुर में भी चोरों ने मंदिर को निशाना बनाते हुए वहां भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। हद तो तब हो गई जब चोपन थाना क्षेत्र में चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए उस दिन काली मंदिर में हाथ साफ कर दिया जब शाम प्रीत नगर में पुलिस अधीक्षक एक नई चौकी का उद्घाटन करने खुद पहुंचे थे । और अब ओबरा शारदा मंदिर में चोरी की घटना ने पुलिस के सामने ऐसे गैंग को पकड़ने की बड़ी चुनौती पेश कर दी है ।
हैरान करने वाली बात यह है कि सोनभद्र की तेज-तर्रार पुलिस अब तक किसी भी मंदिर में हुई चोरी की वारदात का खुलासा नहीं कर पाई है। चोपन में तो अजीब तरीके से पुलिस की कार्य प्रणाली देखने को मिला, वहां चोर तो नहीं पकड़े गए मगर सामान बरामद हो गया और वे मंदिर समिति को सुपुर्द कर दिया। हालांकि ओबरा शारदा मंदिर की घटना ने पुलिस की एक बार फिर किरकिरी करा दी है।
जितनी बढ़ रही सुरक्षा उतनी मिल रही चुनौती
लोगों का कहना है कि एक तरफ पुलिस अधीक्षक सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा रहे हैं, वहीं अपराधी उन्हें खुलकर चुनौती पर चुनौती दे रहे हैं । चोपन में थाना के अलावा एक चौकी खोल दी गई है ताकि वारदात पर लगाम लग सके और लोग चैन की नींद सो सके।
ओबरा में भी एक थाना और एक चौकी है लेकिन घटनाएं कम होने के बजाय बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि आखिर इतनी भारी भरकम फोर्स का क्या फायदा जब लोग चैन की नींद न सो सके।
बहरहाल जिले में अब तक 6 मंदिरों को टार्गेट बनाया जा चुका है लेकिन पुलिस को अब तक कहीं भी सफलता नहीं मिल सकी है।
ऐसे में अब देखने वाली बात यह है कि क्या अब कप्तान खुद कमान संभालेंगे।




