Sonbhadra News : लग्जरी वाहनों से कर रहे थे गांजा तस्करी, सिपाही सहित पांच अंतर्जनपदीय अभियुक्त गिरफ्तार, 60 किग्रा गांजा बरामद
सोनभद्र पुलिस ने गांजा तस्करों के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए दो लग्जरी वाहनों से 60 किग्रा गांजा के साथ पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से ₹5.20 लाख रुपये....

sonbhadra
8:33 PM, January 28, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । सोनभद्र पुलिस ने गांजा तस्करों के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए दो लग्जरी वाहनों से 60 किग्रा गांजा के साथ पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से ₹5.20 लाख रुपये नकद व सात मोबाइल फोन भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक सिपाही भी शामिल है, जो वर्तमान में सुल्तानपुर पुलिस लाइन में तैनात बताया जा रहा है।
आज चुर्क स्थित पुलिस लाइन सभागार में एसपी अभिषेक वर्मा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि "मंगलवार की रात करीब 10 बजकर 35 मिनट पर पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी पुलिस लाइन मोड़ तिराहा क्षेत्र में एक ढाबा के पास दो काली स्कार्पियो गाड़ियों को रोका गया। जांच में एक वाहन पर कूटरचित नंबर प्लेट लगी पाई गई। तलाशी के दौरान स्कार्पियो दो बोरियों में 40 किलोग्राम तथा दूसरी स्कार्पियो से एक बोरी में 20 पैकेट (20 किलोग्राम) गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तस्कर भास्कर दुबे निवासी पूरे संगम दुबे थाना बल्दीराय सुल्तानपुर, शुभम तिवारी निवासी पूरे पराग जेठू मवई थाना गौरीगंज अमेठी, लकी यादव निवासी अशरफपुर थाना बल्दीराय सुल्तानपुर, रायबरेली जिले के आदर्शपुरम रतापुर निवासी, वर्तमान में सुल्तानपुर में तैनात सिपाही सुनील कुमार यादव, सूरज कुमार सोनी निवासी रायपुर सगरा थाना अमेठी को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा आरोपियों के पास से गांजा की खरीद-बिक्री से जुड़े पांच लाख 20 हजार रुपये नकद, सात मोबाइल फोन तथा आरोपियों की तलाशी से पांच हजार रुपये और बरामद किए गए। इस मामले में थाना रॉबर्ट्सगंज पर एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं एवं कूटरचित नंबर प्लेट प्रयोग करने संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।"
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी करने वाले पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राबर्ट्सगंज राम स्वरूप वर्मा, प्रभारी एसओजी/सर्विलांस सेल राजेश जी चौबे, धर्मनारायण भार्गव चौकी नई बाजार, उमा शंकर यादव चौकी प्रभारी लोढ़ी, हे.कां. जयराम राय, मनीष कुमार आदि रहे।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों भास्कर दूबे, शुभम तिवारी और लकी यादव ने बताया कि वे दो-तीन दिन पहले स्कॉर्पियो से उड़ीसा के गांजा सप्लायर से संपर्क कर छत्तीसगढ़ के रास्ते गांजा लेने गए थे और वहीं से गांजा लेकर लौट रहे थे। वहीं दूसरी स्कॉर्पियो में सवार सूरज सोनी और सिपाही सुनील कुमार यादव गांजा लेने पहुंचे थे। पुलिस के पहुंचने के समय गांजा एक वाहन से दूसरे वाहन में उतारा जा रहा था। आरोपियों ने बताया कि गांजा की आपूर्ति अर्जुन नामक व्यक्ति करता है, जिससे मोबाइल नंबर के माध्यम से संपर्क किया गया था। पुलिस अब सप्लायर की तलाश में जुट गई है।
एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार सिपाही सुनील कुमार यादव पर गोवध निवारण अधिनियम, धोखाधड़ी, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह पूर्व में इसी मामले में निलंबित भी किया जा चुका था, लेकिन बाद में हाईकोर्ट से बहाल हो गया था। गिरफ्तार तस्कर सूरज कुमार सोनी पर हत्या के प्रयास, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित कुल 21 आपराधिक मुकदमे विभिन्न जिलों में दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राबर्ट्सगंज राम स्वरूप वर्मा, प्रभारी एसओजी/सर्विलांस सेल राजेश जी चौबे, धर्मनारायण भार्गव चौकी नई बाजार, उमा शंकर यादव चौकी प्रभारी लोढ़ी, हे0का0 जयराम राय, मनीष कुमार आदि रहे।




