Sonbhadra News : उड़ीसा से गांजा लेकर जा रहे थे बलिया, 36.5 किग्रा गांजा के साथ चार अंतरप्रांतीय तस्कर गिरफ्तार
अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए चार शातिर तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। ऑपरेशन शुद्धि के तहत एसओजी, रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस तथा हिन्दुआरी.....

sonbhadra
2:41 PM, August 29, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• उड़ीसा से बलिया जा रही थी गांजे की खेप, स्कॉर्पियो में छिपाकर ले जा रहे थे ₹18 लाख का गांजा
• पुलिस की घेराबंदी देख वाहन मोड़कर भागने लगे तस्कर, हिन्दुआरी के पास पुलिस ने दबोचा
सोनभद्र। अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए चार शातिर तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। ऑपरेशन शुद्धि के तहत एसओजी, रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस तथा हिन्दुआरी और चुर्क चौकी की संयुक्त टीम ने चन्द्रयान तिराहा, भण्डार खुर्द हाईवे के पास घेराबंदी कर 36.500 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई जा रही है। वहीं तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो की कीमत करीब 12 लाख रुपये है। पुलिस के अनुसार कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये है।
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली सभागार में मामले का खुलासा करते हुए एएसपी (मुख्यालय) अनिल सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसओजी और रॉबर्ट्सगंज पुलिस को यह महत्वपूर्ण सफलता मिली।
पुलिस को देखकर वाहन मोड़ा, लेकिन घेराबंदी में फंस गए -
अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि "बीती की रात एसओजी टीम, रॉबर्ट्सगंज पुलिस, हिन्दुआरी एवं चुर्क चौकी की संयुक्त टीम चन्द्रयान तिराहा, भण्डार खुर्द हाईवे पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हिन्दुआरी की ओर से एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो गांजे की खेप लेकर गुजरने वाली है।सूचना पर पुलिस ने लखनऊ नंबर की एक एसयूवी को रोकने का प्रयास किया। पुलिस टीम को देखते ही स्कॉर्पियो सवारों ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन पहले से सतर्क पुलिस टीम ने चारों ओर से घेराबंदी कर करीब रात 10 बजे वाहन को रोक लिया। तलाशी में वाहन की पिछली सीट के नीचे और पिछले हिस्से से 37 बंडलों में रखा 36.500 किलो गांजा बरामद हुआ। गांजे को तीन प्लास्टिक बोरियों में रखा गया था, जिनका वजन क्रमश: 12 किलो, 12 किलो और 12.500 किलो पाया गया। इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 550 रुपये नकद और किया कार की एक चाबी बरामद की।
उड़ीसा से बलिया तक बिछा था तस्करी का नेटवर्क -
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे आपस में मिलकर गांजा तस्करी का काम करते हैं। उनके अनुसार जनपद बलिया का बताया जा रहा एक अज्ञात व्यक्ति उन्हें उड़ीसा से गांजा लाने के लिए वाहन, रुपये और दिशा-निर्देश उपलब्ध कराता था। आरोपियों को सम्बलपुर, उड़ीसा के पास से गांजा लेकर बलिया में निर्धारित स्थान तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी जाती थी। इस काम के एवज में प्रत्येक आरोपी को करीब 15 हजार रुपये मिलने थे। पुलिस के अनुसार तस्कर रास्ते में चेकिंग से बचने के लिए व्हाट्सऐप कॉल और लोकेशन के जरिए एक-दूसरे के संपर्क में रहते थे।
छत्तीसगढ़ में भी पुलिस से बचने की कोशिश, कार छोड़ दूसरी गाड़ी से हो गए थे फरार -
पूछताछ में एक और अहम जानकारी सामने आई। आरोपियों ने बताया कि 27 अगस्त को वे उड़ीसा से गांजा लेकर लौट रहे थे। रास्ते में जशपुर, छत्तीसगढ़ के थाना कुनकुरी क्षेत्र में पुलिस चेकिंग से बचने के लिए उन्होंने वैकल्पिक रास्ता अपनाया। रास्ता समाप्त होने पर विधिचन्द्र यादव और आदित्य जायसवाल किया कार को वहीं छोड़कर उसकी चाबी अपने पास ले आए और बाद में स्कॉर्पियो में सवार साजिद अली व रईस खान के साथ आगे बढ़े। पुलिस के मुताबिक छत्तीसगढ़ क्षेत्र में पुलिस चेकिंग के दौरान उक्त किया कार से करीब 2.5 क्विंटल अवैध गांजा बरामद होने की जानकारी भी पूछताछ में सामने आई है। यह बरामदगी छत्तीसगढ़ क्षेत्र से संबंधित है और सोनभद्र की बरामदगी से अलग है।
चारों आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा -
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ रॉबर्ट्सगंज थाने में धारा 8/20/27A/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विधिचन्द्र यादव (40वर्ष) निवासी मऊ, साजिद अली (30वर्ष), रईस खान (20वर्ष) और आदित्य जायसवाल (20वर्ष) निवासीगण कुशीनगर के रूप में हुई है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल -
गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, एसओजी प्रभारी नागेश कुमार सिंह, हिन्दुआरी चौकी प्रभारी विनय कुमार सिंह, चुर्क चौकी प्रभारी धर्मनारायण भार्गव, हेड कांस्टेबल संदीप यादव, दिनेश कुमार तथा कांस्टेबल अभिमन्यु पाण्डेय, दीपक सिंह और राम सिंह यादव शामिल रहे।




