Sonbhadra news : वन विभाग को पीड़ित दंपति ने दिया लिखित बयान, कर्मचारियों को बताया निर्दोष
बघाडू वन क्षेत्र के तुर्रीडीह गांव में बोरिंग के नाम पर कथित रूप से धन लेने के मामले में नया मोड़ सामने आया है।

sonbhadra
9:37 PM, June 12, 2026
राजा (संवाददाता)
अमवार (संवाददाता)। बघाडू वन क्षेत्र के तुर्रीडीह गांव में बोरिंग के नाम पर कथित रूप से धन लेने के मामले में नया मोड़ सामने आया है। गुरुवार को एक दंपति ने प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) से मिलकर वन विभाग के कुछ कर्मचारियों पर पैसे लेने का आरोप लगाया था, जिसके बाद विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि वन विभाग के नाम का हवाला देकर गांव के कुछ लोगों ने समझौता कराने के बहाने पीड़ित दंपति से धनराशि ली थी। वहीं, कुछ रकम बोरिंग का कार्य कराने वाले व्यक्ति द्वारा लेने की बात भी सामने आई। विभागीय जांच में किसी भी वनकर्मी की संलिप्तता नहीं पाई गई।
इसके बाद पीड़ित पति-पत्नी ने वन विभाग को लिखित बयान देकर स्पष्ट किया कि उनकी विभाग से कोई शिकायत नहीं है। उन्होंने बताया कि उन्हें केवल दस्तावेजों की जांच के लिए रेंज कार्यालय बुलाया गया था। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने उन्हें गुमराह करते हुए यह कहकर पैसे ले लिए कि वे मामले को सुलझा देंगे।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो चुकी है और विभाग के खिलाफ लगाए गए आरोप निराधार साबित हुए हैं। विभाग ने आमजन से अपील की है कि किसी भी समस्या या शिकायत की स्थिति में सीधे संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें और किसी के बहकावे में आकर कार्रवाई न करें।
बघाडू वन क्षेत्राधिकारी सरिता गौतम ने दूरभाष पर बताया कि कुछ लोगों द्वारा भ्रम फैलाकर विभाग की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया, लेकिन जांच में वन विभाग के कर्मचारियों की कोई भूमिका सामने नहीं आई।




