Sonbhadra news : वसूली का लक्ष्य 30 मई तक हर हाल में पूरा करें : देवेंद्र कुमार सिंह
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता देवेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में तहसील रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के बीपैक्स सचिवों की वसूली समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

sonbhadra
7:51 PM, May 19, 2026
राकेश चौबे
* ओईनीमिश्र बीपैक्स सचिव पर वेतन रोकने और निलंबन की कार्रवाई के निर्देश
सोनभद्र। विकास भवन सभागार में मंगलवार को सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता देवेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में तहसील रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के बीपैक्स सचिवों की वसूली समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में खरीफ एवं रबी फसलों की ऋण वसूली, उर्वरक वितरण व्यवस्था तथा समितियों की कार्यप्रणाली की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान सहायक आयुक्त देवेंद्र कुमार सिंह ने सभी बीपैक्स सचिवों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि खरीफ ऋण की शत-प्रतिशत वसूली 30 मई तक हर हाल में सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही रबी ऋण की वसूली 30 जून तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करते हुए वसूली अभियान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
समीक्षा के दौरान रामपुर एवं चेरूई बीपैक्स के सचिवों द्वारा बकाया सूची बैठक में प्रस्तुत नहीं किए जाने तथा विरोधाभासी सूचनाएं उपलब्ध कराए जाने पर सहायक आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने दोनों सचिवों को कड़ी फटकार लगाते हुए भविष्य में सभी बैठकों में पूरी तैयारी और स्पष्ट जानकारी के साथ उपस्थित होने की चेतावनी दी।
वहीं ओईनीमिश्र बीपैक्स के सचिव राजेश सिंह द्वारा बैठक में आवश्यक सूचनाएं एवं अभिलेख प्रस्तुत न किए जाने पर सहायक आयुक्त ने गंभीर रुख अपनाया। उन्होंने संबंधित सचिव का वेतन रोकने के निर्देश देते हुए निलंबन की कार्रवाई प्रारंभ करने का आदेश भी दिया।
बैठक में सचिव यूनियन के जिलाध्यक्ष सौरभ सिंह ने धान एवं गेहूं खरीद का पिछले तीन वर्षों से लंबित कमीशन भुगतान का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि समितियों को अब तक कमीशन की धनराशि प्राप्त नहीं हो सकी है, जिससे सचिवों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर सहायक आयुक्त ने मुख्यालय को पुनः रिमाइंडर भेजने के निर्देश देते हुए जल्द भुगतान कराने का आश्वासन दिया।
उर्वरक वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए देवेंद्र कुमार सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना फार्मर आईडी किसी भी किसान को उर्वरक नहीं दिया जाएगा। साथ ही किसी किसान को निर्धारित सीमा से अधिक उर्वरक वितरण करने पर संबंधित सचिव की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि बिना पीओएस मशीन के एक बोरी उर्वरक का भी वितरण नहीं किया जाएगा और सभी समितियां शासन के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें।
बैठक में एडीसीओ रॉबर्ट्सगंज अवधेश सिंह, एडीसीओ घोरावल डॉ. सुरेश, सहायक सांख्यिकीय अधिकारी आलोक कुमार शेखर, महेश मौर्य, सचिव यूनियन जिलाध्यक्ष सौरभ सिंह, अमित गौतम, महेंद्र पटेल, संतोष पटेल, प्रदीप सिंह, सुमन सिंह, वकालत हुसैन, आशुतोष, उमेश सिंह, अमरदेव, राजेश सिंह, राहुल सिंह, अंतिमा भारती सहित बड़ी संख्या में बीपैक्स सचिव उपस्थित रहे।




